
Gujarat Accident: गुजरात में 24 घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में चार महिलाओं की मौत हो गई। पश्चिमी कच्छ के नखत्राणा में नमक से भरे बेकाबू ट्रेलर ने मोपेड सवार दो शिक्षिकाओं को कुचल दिया, वहीं सुरेंद्रनगर जिले के चोटिला में तेज रफ्तार कार की टक्कर से मां-बेटी की जान चली गई। दोनों हादसों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। इन दुर्घटनाओं के बाद भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
पश्चिमी कच्छ के नखत्राणा क्षेत्र में शनिवार को नमक से भरे बेकाबू ट्रेलर ने मोपेड सवार दो शिक्षिकाओं को टक्कर मार दी। दोनों ट्रेलर के नीचे आ गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा हाजीपीर-ढोरो गांव के पास हुआ। दोनों शिक्षिकाएं मोपेड से स्कूल जा रही थीं। मृतकों की पहचान देशलपर समूह की लुडबाय-2 प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका संध्या गोहिल और उठंगड़ी प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका ऋषिता दीवान के रूप में हुई। संध्या छह वर्षों से नौकरी कर रही थीं, जबकि ऋषिता को एक वर्ष पहले ही नियुक्ति मिली थी।
टक्कर के बाद ट्रेलर मोपेड को घसीटते हुए सड़क किनारे स्थित दूध की डेयरी में जा घुसा। इससे डेयरी को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रेलर चालक के प्रति स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नमक परिवहन करने वाले कई भारी वाहनों पर तिरपाल लगाने के नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे सड़क पर नमक गिरता रहता है। हाजीपीर-ढोरो मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से पहले सड़क खराब हो गई थी। इसके बाद सरकार ने सीमेंट रोड बनवाया, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि नई सड़क बनने के बाद भारी वाहन तेज रफ्तार से चलने लगे हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
दूसरा हादसा सुरेंद्रनगर जिले में चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर आपागीगा के ओटले के पास हुआ। यहां सड़क पार कर रहे एक परिवार के तीन सदस्यों को अहमदाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मां नयना दीक्षित (70) और बेटी अर्चना जोशी (48) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नयना के पति विकासकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए राजकोट ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, साबरकांठा जिले के खेड़ब्रह्मा निवासी यह परिवार कुवाडवा कॉलेज में पढ़ाई कर रहे अपने बेटे की डिग्री लेने आया था। लौटते समय आपागीगा के ओटले के सामने हाईवे के दूसरी ओर कार खड़ी कर परिवार के सदस्य प्रसाद लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान अहमदाबाद की तरफ से आ रही कार ने तीनों को चपेट में ले लिया। कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान राजकोट जिले की लोधिका तहसील के भरवाड़ शेरी निवासी रामजी पादरिया के रूप में होने की जानकारी सामने आई है।