राष्ट्रीय

मीनाक्षी शिंदे के इस्तीफे के बाद आदित्य ठाकरे का सवाल- अब गिरफ्तारी कब होगी? संजय राउत ने सरकार और पुलिस को घेरा

Pradeep Purnekar Murder Case: प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में एक महीने बाद भी मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी नहीं होने पर आदित्य ठाकरे और संजय राउत ने पुलिस और सरकार पर सवाल उठाए हैं। आदित्य ठाकरे ने मीनाक्षी शिंदे की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस आयुक्त से मुलाकात की।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 7:02 PM IST
aaditya thackeray
आदित्य ठाकरे। फाइल फोटो- पत्रिका

Aaditya Thackeray: ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के एक महीने बाद भी मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी नहीं होने पर आदित्य ठाकरे ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे मीनाक्षी शिंदे को बचाने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर रहे हैं। आदित्य ठाकरे ने इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस आयुक्त से मुलाकात भी की।

ठाणे में लोगों में गुस्सा

आदित्य ठाकरे ने कहा कि प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद ठाणे में लोगों में गुस्सा है। मृतक के बेटे राम पूर्णेकर ने अपने पिता की हत्या के मामले में न्याय मांगने के लिए एकनाथ शिंदे के आवास पर जाने की कोशिश की तो पुलिस ने राम को ही गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्णेकर परिवार की ओर से पुलिस को वीडियो भी दिया गया है, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

'आखिर किसे बचाने की कोशिश'

उन्होंने सवाल किया कि आखिर किसे बचाने की कोशिश हो रही है? आदित्य ठाकरे ने कहा कि पुलिस के पास इस मामले से जुड़े सबूत होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के पर भी निशाना साधा। ठाकरे ने कहा कि जब पूर्णेकर परिवार न्याय की मांग कर रहा है, तब सांसद की भाषा पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि ठाणे के लोगों के दबाव में मीनाक्षी शिंदे के इस्तीफे के बाद अब उन्हें गिरफ्तार कब किया जाएगा?

संजय राउत ने भी उठाए सवाल

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भी इस मामले में सरकार और पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ठाणे की स्थिति बीड से भी खराब हो गई है। राउत ने इसे राजनीतिक हत्या बताते हुए मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे पर हत्या करवाने का आरोप लगाया। राउत ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र ने इससे पहले इतना कमजोर मुख्यमंत्री और गृह मंत्री नहीं देखा। उन्होंने दावा किया कि पुलिस आयुक्त को भी पता है कि इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता कौन है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस सबूत जुटाने में सक्षम नहीं है तो पुलिस विभाग को ही भंग कर देना चाहिए।

मीनाक्षी शिंदे ने दिया इस्तीफा

प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में लगातार आरोपों का सामना कर रहीं मीनाक्षी शिंदे ने शिवसेना की महिला आघाड़ी प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि पार्टी नेतृत्व की छवि खराब न हो, इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया है। मीनाक्षी शिंदे ने यह भी आरोप लगाया कि जिन मामलों से उनका कोई संबंध नहीं है, उनमें उनका नाम जोड़कर पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

Updated on:
29 Oct 2026, 7:02 PM IST
Published on: