राष्ट्रीय

इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी AAP, संजय सिंह बोले- ‘हम अपने तरीके से लड़ रहे’

Aam Aadmi Party: AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी 7 अक्टूबर को INDIA गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी लड़ाई अलग तरीके से जारी रखेगी।
2 min read
• •
Oct 05, 2026
sanjay singh on india alliance protest
AAP सांसद संजय सिंह (फोटो- IANS)

INDIA Alliance Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के खिलाफ देश भर में कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए हैं। 2 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद अब इंडिया गठबंधन की ओर से 7 अक्टूबर को दिल्ली चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) शामिल नहीं होगी।

इस बात की जानकारी AAP के सांसद संजय सिंह ने दी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जंतर-मंतर और देश के अलग-अलग हिस्सों में रोजाना और लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में वह इंडिया गठबंधन के द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेगी। उन्होंने कहा की आम आदमी पार्टी अपने तरीके से लड़ाई लड़ रही है।

'यह जनता का आंदोलन है'

संजय सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर का प्रदर्शन इंडिया गठबंधन की ओर से किया जा रहा है और आम आदमी पार्टी उसका हिस्सा नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि AAP अपने प्रदर्शनों में पार्टी के बैनर तक इस्तेमाल नहीं कर रही है। उनका कहना है कि पार्टी इसे जनता का आंदोलन मानती है। यह देश के नागरिकों से जुड़ा मुद्दा है और इसमें सभी लोगों को शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी जंतर-मंतर समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार प्रदर्शन कर रही है।

जंतर-मंतर पर लगातार जारी है प्रदर्शन

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में 2 अक्टूबर से शुरू हुआ प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। रविवार को आम लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों ने इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक 'सिटिजन्स मार्च' निकाला। इसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस मार्च के दौरान AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। बाद में उन्होंने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें उल्टा लटकाकर ले जाने की कोशिश की, ताकि कैमरों में उनका चेहरा रिकॉर्ड न हो।

7 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन

दिल्ली में कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन की कई पार्टियों ने 7 अक्टूबर को दिल्ली चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर संयुक्त प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इसमें कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम), आरजेडी, एनसीपी और आरएसपी के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पार्टियां SIR को खत्म करने और चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग कर रही हैं।

Updated on:
05 Oct 2026 05:01 pm
Published on:
05 Oct 2026 05:01 pm