राष्ट्रीय

मंत्रियों के कुत्तों का खर्च 5 हजार, किसानों को भी इतनी ही मदद! अभिजीत दीपके ने देवेंद्र फडणवीस सरकार को घेरा

Abhijit Dipke: अभिजीत दीपके ने किसानों को 5 हजार रुपए की मदद देने और विदर्भ में किसानों की मौत के मामलों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा। उन्होंने धोत्रा गांव के जिला परिषद स्कूल की बदहाली पर भी सरकार को घेरा।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 3:57 PM IST
Abhijit Dipke
अभिजीत दीपके (Photo-IANS)

Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र में किसानों की बदहाल स्थिति को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कुत्तों का महीने का खर्च 5 हजार रुपए होता है, तो किसानों को दिवाली से पहले इतनी ही मदद देकर सरकार उनका अपमान क्यों कर रही है? उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या उनका परिवार भी 5 हजार रुपए में दिवाली मनाता है?

यवतमाल जिले का दौरा किया

अभिजीत दीपके शुक्रवार को यवतमाल जिले के दौरे पर थे। महाराष्ट्र के किसानों की स्थिति जानने के लिए शुरू किए गए 'पब्लिक' अभियान के तहत उन्होंने किसानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विदर्भ में किसानों की आत्महत्याओं और सरकार की किसान नीतियों पर सवाल उठाए। दीपके ने कहा कि सरकार बड़े उद्योगपतियों के करोड़ों रुपए के कर्ज माफ कर देती है, लेकिन किसानों की कर्जमाफी के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाती। किसानों को मदद के नाम पर महज 5 हजार रुपए दिए जा रहे हैं और कई किसानों को यह राशि भी नहीं मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि उनकी दिवाली पर कितना खर्च होता है और क्या उनका परिवार भी 5 हजार रुपए में त्योहार मनाता है?

'पद से इस्तीफा दे देना चाहिए'

उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 महीनों में अकेले विदर्भ में 750 किसानों ने आत्महत्या की है। दीपके ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद विदर्भ से आते हैं, इसके बावजूद किसानों की जान बचाने के बजाय उनका ध्यान कोल्हापुर की गोकुल दूध डेयरी पर कब्जा करने में लगा है। उन्होंने कहा कि किसान की एक भी आत्महत्या सरकार की विफलता का संकेत है। यदि मुख्यमंत्री को गोकुल डेयरी ही संभालनी है तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और किसानों के हित में फैसले लेने वाले नेता को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए।

जिला परिषद स्कूल की हालत देख भड़के

दौरे के दौरान दीपके ने धोत्रा गांव के जिला परिषद स्कूल का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और स्कूल की व्यवस्थाएं देखीं। स्कूल की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक दोपहर 12 बजे स्कूल पहुंचते हैं और समय से पहले ही चले जाते हैं। स्कूल में विद्यार्थियों के लिए साफ-सुथरे शौचालय तक नहीं हैं। शौचालय में न छत है और न दरवाजे। कक्षाओं में बांस रखे हुए हैं। दीपके ने कहा कि देश की आजादी के 80 साल पूरे होने को हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों में आज भी टीनशेड के नीचे स्कूल चल रहे हैं। सरकार किसानों के साथ-साथ उनके बच्चों की शिक्षा पर भी ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार किसके हित में काम कर रही है? मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इसका जवाब देना चाहिए।

Updated on:
27 Nov 2026, 3:57 PM IST
Published on: