राष्ट्रीय

बंगाल में फर्जी हलफनामों पर बवाल, अभिषेक बनर्जी बोले- पुलिस थानों में तैयार हुए दस्तावेज, प्रेस कॉन्फ्रेस में वीडियो भी दिखाई

Abhishek Banerjee: AITC के सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा और पुलिस पर फर्जी हलफनामे तैयार कर चुनाव आयोग को सौंपने का आरोप लगाया है। कल आए कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश को अभिषेक बनर्जी ने पार्टी की जीत बताया।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 6:53 PM IST
Abhishek Banerjee News
AITC के सांसद अभिषेक बनर्जी (Photo-IANS)

West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर चल रही खींचतान के बीच सांसद अभिषेक बनर्जी ने फर्जी हलफनामों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस थानों के अंदर पुलिसकर्मी और सिविक वॉलंटियर फर्जी हलफनामे भर रहे थे और उन पर हस्ताक्षर कराकर चुनाव आयोग को भेज रहे थे।

प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान बनर्जी ने कुछ वीडियो भी दिखाए। उनके मुताबिक इन वीडियों में पुलिस फर्जी हलफनामें भर रही थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज, मोबाइल टावर की लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड के जरिए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट के हालिया आदेश को भी अपने पक्ष की जीत बताया।

हाईकोर्ट ने ऋतव्रत बनर्जी की नियुक्ति रद्द की

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि विधानसभा स्पीकर की ओर से 3 जून 2026 को ऋतव्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता नियुक्त करना कानून के मुताबिक नहीं था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस नियुक्ति को रद्द कर दिया है। बनर्जी के मुताबिक, सुनवाई के दौरान अदालत ने इसे केवल दो महीने की अंतरिम व्यवस्था बताया था। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की टिप्पणियों से स्पीकर का पक्षपातपूर्ण रवैया भी सामने आया है।

भाजपा पर पार्टी तोड़ने की कोशिश का आरोप

AITC सांसद ने आरोप लगाया कि बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा ने दबाव बनाकर पार्टी को तोड़ने की कोशिश की। विधायकों को अलग गुट बनाने और सांसदों को तोड़कर दूसरी पार्टी में विलय कराने की योजना बनाई गई। उन्होंने बताया कि डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस (DTC) गुट ने 5 मई तक चुनाव आयोग को लाखों हलफनामे सौंपे थे। इनमें अरुप रॉय को पार्टी का चेयरमैन और कुछ अन्य नेताओं को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाने का समर्थन बताया गया था।

पुलिस थानों में फर्जी दस्तावेज बनाने का दावा

अभिषेक ने आरोप लगाया कि इन हलफनामों को पुलिस थानों में तैयार किया गया। उनके अनुसार, मतदाता सूची से नाम लेकर पहले से तैयार फॉर्म भरे गए और लोगों की गैरमौजूदगी में फर्जी हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने दावा किया कि 40-50 विधायकों को डराकर ऋतव्रत बनर्जी के समर्थन में हस्ताक्षर कराए गए।

अपने खिलाफ FIR और हमले का भी जिक्र

बनर्जी ने कहा कि उन्हें भी बहुत ज्यादा डारकर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक, उन पर 35 से 40 FIR दर्ज हो चुकी हैं। उनके घर पर हमला हुआ और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का विरोध करने वालों को पुलिस और झूठे मुकदमों के जरिए परेशान किया जा रहा है।

Updated on:
28 Nov 2026, 6:53 PM IST
Published on: