
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि उन पर लगातार हमले और उन्हें जान से मारने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि, एक बार फिर,कोलकाता पुलिस के अधिकारी मेरे घर के आस-पास निगरानी रखने और मुझ पर नजर रखने के लिए आधिकारिक पुलिस वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले हफ्ते भी उन्होंने इसी तरह की रेकी की थी, जिसके बाद 7 नवंबर को गुंडों ने मुझ पर हमला कर दिया। चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक एक भी हमलावर को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
मेरे पास यह मानने के पुख्ता कारण हैं कि एक और हमले की योजना बनाई जा रही है। क्या इसका मकसद मुझे डराना और चुप कराना है, जबकि पूरे राज्य में बलात्कार और अन्य अपराध बेरोकटोक जारी हैं? बीजेपी सरकार मेरी आवाज से इतनी डरी हुई क्यों है? और बार-बार शिकायत करने के बावजूद, माननीय लोकसभा अध्यक्ष ने इसमें दखल क्यों नहीं दिया?
क्या पुलिस बल का इस्तेमाल नागरिकों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है, या फिर सरकार से सवाल पूछने की हिम्मत करने वालों को डराने-धमकाने के लिए?
बीते 7 नवंबर की सुबह करीब 2 बजे कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच जन्मदिन के जश्न के दौरान बवाल हुआ। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह हमला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के समर्थकों और गुंडों द्वारा किया गया है। अभिषेक बनर्जी का दावा है कि पिछले छह महीनों में उनकी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना से पहले दो दिनों तक उनके घर और दफ्तर के बाहर कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा रेकी (जासूसी) की गई थी। उन्होंने कोलकाता पुलिस पर आरोप लगाया कि वह मौके पर मौजूद होने के बावजूद स्थिति को संभालने या हमलावरों को रोकने में नाकाम रही। इसके अलावा उन्होंने उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को एक पूर्व-नियोजित (Pre-planned) हमला करार दिया है और राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख करने की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, बीजेपी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे टीएमसी का 'ड्रामा' बताया है और कहा है कि तृणमूल कांग्रेस भावनात्मक बातें कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।