राष्ट्रीय

अभिषेक बनर्जी के घर पर बुलडोजर एक्शन, दिलीप घोष बोले- सिर्फ उनके घर पर नहीं, हर जगह हो रही कार्रवाई

Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी के घर का एक हिस्सा गिराए जाने पर मंत्री दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ हर जगह कार्रवाई हो रही है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 8:58 AM IST
attack on Abhishek Banerjee
सांसद अभिषेक बनर्जी (फाइल फोटो/ANI)

Abhishek Banerjee House: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के एक हिस्से को गिराए जाने का मामला चर्चा में है। इस कार्रवाई पर मंत्री दिलीप घोष ने सफाई देते हुए कहा कि राज्य में जहां भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण है, उसे हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ अभिषेक बनर्जी का घर होने की वजह से नहीं की जा रही, बल्कि ऐसे निर्माण के खिलाफ हर जगह कदम उठाए जा रहे हैं।

'अतिक्रमण पर हुई कार्रवाई, कोई भेदभाव नहीं'- दिलीप घोष

मामले पर बयान देते हुए मंत्री दिलीप घोष ने साफ किया कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक रंजिश के तहत नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोलकाता जैसे शहर में सड़कों और फुटपाथों पर जगह पहले से ही बहुत सीमित है। अगर कोई फुटपाथ पर कब्जा करके इमारत या अस्थायी ढांचा खड़ा कर लेता है, तो इससे आम जनता को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। घोष ने कहा, 'यह बुलडोजर कार्रवाई हर उस जगह की जा रही है जहां अवैध निर्माण हुआ है। सिर्फ इसलिए कार्रवाई नहीं हो रही कि यह जगह अभिषेक बनर्जी की है। नियम सभी के लिए बराबर हैं और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ ऐसा ही एक्शन लिया जाएगा।'

'बुलडोजर से मेरी आवाज और हौसला नहीं टूटेगा'- अभिषेक बनर्जी

वहीं दूसरी तरफ अपने घर के बाहर हुई इस कार्रवाई के बाद TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भड़ास निकाली। बनर्जी ने लिखा कि कितने भी बुलडोजर चला लिए जाएं, लेकिन न तो उनकी आवाज को दबाया जा सकता है और न ही उनके संकल्प को तोड़ा जा सकता है। उन्होंने लिखा, 'मैं बांग्ला विरोधी ताकतों के खिलाफ अपनी लड़ाई लगातार जारी रखूंगा। अपनी आखिरी सांस तक न तो मैं पीछे हटूंगा और न ही एक इंच कदम पीछे खींचूंगा।'

जासूसी का आरोप और लोकसभा अध्यक्ष से हस्तक्षेप की मांग

बुलडोजर कार्रवाई से ठीक एक दिन पहले यानी बुधवार को अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका दावा था कि सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल करके उनके घर के आसपास निगरानी रखी जा रही है और उनकी जासूसी की जा रही है। बनर्जी ने इस पूरे मामले पर चिंता जताते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते भी उनके घर के आसपास इसी तरह की संदिग्ध निगरानी देखी गई थी, जिसके बाद 7 नवंबर को कुछ उपद्रवियों ने हमला किया था। बनर्जी ने सवाल उठाया कि हमले के चार दिन बीत जाने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे उन्हें अंदेशा है कि उनके खिलाफ किसी नए हमले की साजिश रची जा रही है।

Updated on:
13 Nov 2026, 8:58 AM IST
Published on: