दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी नॉन वेज को लेकर उठा विवाद थमा नहीं था, कि अब हिंदू सेना ने एक बार फिर एक नए विवाद को खड़ा कर दिया है। जेएनयू के गेट के बाहर भगवा झंडे और कई सारे पोस्टर लगाए गए हैं। इस पोस्टर पर 'भगवा जेएनयू' लिखा गया है।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में नॉन वेज को लेकर उठा विवाद अभी थमा ही नहीं था कि एक बार फिर नए विवाद से माहौल गर्मा गया है। दरअसल जेएनयू के गेट पर हिंदू सेना की ओर से भगवा झंडे और कई सारे पोस्टर लगाए गए हैं। इस पोस्टर पर 'भगवा जेएनयू' लिखा गया है। ये झंडे और पोस्टर जेएनयू के बाहर वाले रोड और मुख्य गेट के करीब लगाए गए है। बता दें कि हाल में जेएनयू में रामनवमी के दिन वामपंथी छात्र संगठन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बीच हिंसा हुई थी। इसमें कई छात्र घायल हुए थे। इस हिंसा को लेकर अभी तनाव बना हुआ ही था कि, अब जेएनयू के बाहर शुक्रवार को लगे इन पोस्टर और झंडों ने माहौल फिर गर्मा गया है।
हिंदू सेना प्रमुख विष्णु गुप्ता के मुताबिक 'भगवा जेएनयू' वाले पोस्टर दक्षिणपंथी संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह यादव की ओर से लगाए गए हैं। वहीं हिंदू सेना के उपाध्यक्ष सुरजीत यादव का बयान भी इस मामले पर आया है। इसमें उन्होंने कहा है कि JNU में भगवा का अपमान विरोधियों की ओर से किया जाता रहा है। ये लोग सुधर जाएं। भगवा का अपमान करने की कोशिश ना करें।
यह भी पढ़ें - JNU विवाद पर बोले राहुल गांधी, देश को कमजोर कर रहे नफरत, हिंसा और बहिष्कार, की ये खास अपील
यादव ने कहा कि, 'हम आपका सम्मान करते हैं। हर धर्म और विचार का सम्मान करते हैं, लेकिन जिस तरह से भगवा रंग का अपमान हो रहा है। उसे हिंदू सेना सहन नहीं करेगी।
राम नवमी पर हुआ नॉन वेज विवाद
बता दें कि, रामनवमी के दिन जेएनयू के कावेरी हॉस्टल के मेस में कथित तौर पर मांसाहारी भोजन परोसने को लेकर दो छात्र गुटों में जबर्दस्त भिड़ंत हो गई थी। खास बात यह है कि इस हिंसा में दोनों ओर के करीब दर्जनों छात्र घायल हो गए थे।
इस घटना को लेकर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) ने आरोप लगाया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्यों ने छात्रों को छात्रावास में मांसाहारी भोजन खाने से रोका और हिंसा का माहौल बनाया।
जबकि, ABVP ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज तो किया ही, साथ ही दावा किया कि रामनवमी पर छात्रावास में आयोजित पूजा कार्यक्रम में वामपंथियों ने बाधा डाली। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव करने और अपने-अपने सदस्यों के घायल होने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें - रामनवमी के दिन नहीं बना था नॉनवेज, बाहरी लोगों ने की हिंसा: JNU वीसी