राष्ट्रीय

Donut Tax: पॉपकॉर्न के बाद अब डोनट्स को भी लगी GST की बीमारी, क्यों ऐसा बोले जयराम रमेश?

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार (15 मार्च) को कहा कि पॉपकॉर्न के बाद अब 'डोनट' पर भी जीएसटी का प्रभाव दिखाई दे रहा है।
2 min read
• •
Updated: 15 Mar 2025, 7:12 PM IST
Feature image

Jairam Ramesh: कांग्रेस ने जीएसटी की विभिन्न दरों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार (15 मार्च) को कहा कि पॉपकॉर्न के बाद अब 'डोनट' पर भी जीएसटी (Donut Tax) का प्रभाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को अब 'जीएसटी 2.0' की आवश्यकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब टैक्स संबंधी मुद्दों से कई व्यावसायिक संस्थान परेशान हैं और इसका असर बाजार पर भी पड़ रहा है।

कांग्रेस का कटाक्ष

जयराम रमेश ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह पूरा मुद्दा दर्शाता है कि 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' का नारा कितना खोखला है। सरकार भले ही इस नारे का ढिंढोरा पीटे, लेकिन वास्तविकता में व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रमेश ने कहा कि टैक्स प्रणाली में कई खामियां मौजूद हैं, जिसके चलते जीएसटी 2.0 की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उनका कहना था कि इससे व्यापारियों को समान अवसर और राहत मिल सकेगी।

GST दर होंगी कम

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीएसटी दरों में और कमी की जाएगी। वहीं, कांग्रेस ने बीते रविवार को दावा किया कि कर में किसी भी बदलाव को केवल दरों में कटौती तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। पार्टी ने जोर देकर कहा कि जीएसटी 2.0 को मूल रूप से सरल और कम दंडात्मक बनाने की जरूरत है, ताकि यह अधिक व्यापक और प्रभावी हो सके।

बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा मामला

"Mad Over Donuts" को ₹100 करोड़ का टैक्स नोटिस का सामना करना पड़ रहा है, डोनट्स के लिए मशहूर इस ब्रांड को अपने व्यवसाय का गलत वर्गीकरण करने और डोनट्स पर 5% GST (इसे रेस्टोरेंट सर्विस सेवा बताकर) चुकाने का आरोप है, जबकि बेकरी उत्पादों पर 18% टैक्स लागू होता है। यह मामला अब बॉम्बे हाई कोर्ट में पहुंच चुका है।

Updated on:
15 Mar 2025, 7:12 PM IST
Published on: