राष्ट्रीय

Agnimitra Paul: मिथुन-श्रीदेवी की फैशन डिजाइनर थीं, राजनीति में आईं तो 23 मुकदमे लगे, अब अग्निमित्रा ने मंत्री पद की ली शपथ

agnimitra paul west bengal bjp: श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती की पसंदीदा फैशन डिजाइनर अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की डिप्टी सीएम बनने की रेस में सबसे आगे हैं। दिलचस्प बात यह है कि फैशन की दुनिया से राजनीति में आने के बाद उन पर 23 मुकदमे दर्ज हुए।
2 min read
May 08, 2026
Feature image
अग्निमित्रा पॉल। (फाइल फोटो- IANS)

पश्चिम बंगाल में भाजपा (West Bengal BJP) की जीत के बाद से बॉलीवुड की चकाचौंध भरी फैशन दुनिया को छोड़कर राजनीति में कदम रखने वालीं अग्निमित्रा पॉल काफी चर्चा में हैं। श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती जैसे स्टार्स की पसंदीदा डिजाइनर रहीं अग्निमित्रा ने मंत्री पद की शपथ ली है।

मशहूर डॉक्टर थे अग्निमित्रा के पिता

2026 के विधानसभा चुनाव में अग्निमित्रा ने आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की है। 25 नवंबर 1974 को आसनसोल में एक मध्यमवर्गीय परिवार में पैदा हुई अग्निमित्रा का बचपन डॉक्टरी माहौल में बीता।

पिता डॉ अशोक रॉय इलाके के मशहूर बाल रोग विशेषज्ञ थे। घरवालों की इच्छा थी कि बेटी डॉक्टर या इंजीनियर बने। अग्निमित्रा ने इसके लिए JEE दो बार दिया, डेंटिस्ट्री की सीट भी मिल गई, लेकिन उनका मन गाइनोकोलॉजी में था।

आखिरकार अग्निमित्रा ने बॉटनी ऑनर्स किया और फिर मैनेजमेंट के साथ फैशन डिजाइनिंग का कोर्स पूरा कर अपनी राह खुद चुनी।

बॉलीवुड स्टार्स की डिजाइनर बनीं

90 के दशक के आखिर में अग्निमित्रा कोलकाता की मशहूर फैशन डिजाइनर बन गईं। उन्होंने अपनी ब्रांड 'इंगा' शुरू की, जो बाद में कई शहरों में फैल गई। बॉलीवुड के लिए भी काम किया।

फिल्म 'कोई मेरे दिल से पूछे' और 'वाया दार्जिलिंग' के कपड़े उन्होंने डिजाइन किए। श्रीदेवी, मिथुन चक्रवर्ती, काय काय मेनन और ईशा देओल जैसे बड़े सितारों का पर्सनल वॉर्डरोब संभाला।

फैशन छोड़ राजनीति में कदम

फैशन की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद अग्निमित्रा ने राजनीति में आने का मन बनाया। 2019 में अग्निमित्रा ने भाजपा जॉइन की।

2020 में वे पश्चिम बंगाल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनीं। महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए 'उमा' नाम से सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप चलाईं।

2021 में पहली बार वह भाजपा के टिकट पर विधायक बनीं और 2026 में लगातार दूसरी बार बड़ी जीत दर्ज की। ताजा हलफनामे के मुताबिक, अग्निमित्रा पर कुल 23 मुकदमे हैं।

बताया जाता है कि उनके खिलाफ यह सारे मुकदमे राजनीति में आने के बाद दर्ज हुए। उन पर दर्ज ज्यादातर मामले प्रदर्शनों और आंदोलनों से जुड़े हैं। लेकिन अब तक कोई भी दोषसिद्ध नहीं हुआ।

महिलाओं के लिए कुछ बड़ा करने का सपना

आराम की जिंदगी छोड़कर सड़क की राजनीति में उतरना आसान नहीं था, फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। एक बार इंटरव्यू के दौरान अग्निमित्रा ने कहा कि फैशन में सफलता मिलने के बाद लगा तो उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि समाज को कुछ वापस लौटाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना उनका बड़ा सपना है। वे खुद को 'धरती की बेटी' कहती हैं और महिलाओं से जुड़े हर मुद्दे पर खुलकर बोलती हैं।

Updated on:
09 May 2026 01:03 pm
Published on:
08 May 2026 05:06 pm
Also Read
View All
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड: एक्शन में योगी सरकार, 15 मौतों के बाद 6 पीसीएस अफसरों और 19 इंजीनियरों पर गिरेगी गाज

भारत-अमेरिका में ट्रेड डील की तैयारी! AI और फ्यूचर टेक में बढ़ाएंगे सहयोग, USTR ने किया बड़ा खुलासा

BJP Leader Murder Case: भाजपा नेता समेत 3 लोगों की हुई थी हत्या, पीडि़त परिवार से मिले पूर्व CM भूपेश बघेल, कहा- विधानसभा में उठाएंगे मामला

Air India: दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट पाकिस्तान कैसे पहुंच गई? चूक कहां हुई? खड़े हो रहे कई सवाल

NEET लीक के गुनहगारों के लिए बनेगा फास्ट ट्रैक कोर्ट, धर्मेंद्र प्रधान ने बताया बिहार में कैसे लगी थी सिस्टम में सेंध