राष्ट्रीय

AI पर जल संकट: भारत में डेटा सेंटरों की पानी खपत 150 से बढ़कर 358 अरब लीटर तक पहुंचने का अनुमान

AI infrastructure India: भारत में एआई और डेटा सेंटरों के विस्तार के साथ जल संकट की चिंता बढ़ रही है। रिपोर्ट के अनुसार देश में पानी की खपत 150 अरब लीटर से बढ़कर 2030 तक 358 अरब लीटर तक पहुंच सकती है, जिससे पर्यावरणीय चुनौतियाँ और गहरी हो सकती हैं।

2 min read
Jun 14, 2026
AI latest news
फाइल फोटो - IANS

AI water crisis India: हर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रॉम्प्ट के लिए बिजली और भारी मात्रा में पानी की जरूरत होती है। इस संबंध में काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर (सीईईडब्ल्यू) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत के डेटा सेंटरों ने 2024-2025 में लगभग 150 अरब लीटर पानी की खपत की है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि यह आंकड़ा आगे बढ़ सकता है। माना जा रहा है कि बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ 2030 तक देश को सालाना लगभग 358 अरब लीटर पानी की आवश्यकता हो सकती है। भारत में जल संकट उभरती चिंताओं में से एक है। फिर भी भारत खुद को दुनिया के सबसे व्यस्त एआई केंद्रों में से एक बनाने की दिशा में अग्रसर है।

हर दिन 20 लाख लीटर पानी की खपत

काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर के अनुसार, एक विशिष्ट 100 मेगावाट क्षमता वाले बड़े डेटा सेंटर, जिसमें हजारों से लेकर लाखों सर्वर होते हैं। उनको कूलिंग के लिए प्रतिदिन लगभग 20 लाख लीटर पानी की जरूरत हो सकती है। हालांकि, वास्तविक खपत कूलिंग तकनीक और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर भिन्न होती है। संस्था ने सुझाव दिए है कि ट्रीट किए गए पानी का अधिक उपयोग करना चाहिए। साथ ही, डेटा सेंटरों के लिए जगह का चुनाव सावधानीपूर्वक हो।

पानी ही नहीं भू-भाग भी चुनौती

आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि भारत के अधिकांश डेटा केंद्र ऐसे क्षेत्रों में स्थित हैं, जो पहले से ही अलग-अलग स्तर के जल संकट का सामना कर रहे हैं। भारत की मौजूदा डेटा सेंटर क्षमता का 65% से अधिक हिस्सा मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु और नोएडा में केंद्रित है।

एआई निवेश में भी हो रही है वृद्धि

भारत में एआई को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे में एआई में निवेश भी तेजी से बढ़ रहा है। एक तरफ गूगल आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक बड़े एआई डेटा सेंटर हब का विकास कर रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन भी भारत में अपनी एआई और क्लाउड अवसंरचना का विस्तार कर रहे हैं। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जामनगर में एआई-सक्षम डेटा सेंटर विकसित करने के लिए मेटा के साथ साझेदारी की है।

Updated on:
15 Jun 2026 12:06 am
Published on:
14 Jun 2026 11:59 pm