राष्ट्रीय

Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर दौरे से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को होटल में किया गया नजरबंद, वीडियो आया सामने

Ram Mandir News: अयोध्या में रामलला दर्शन के लिए पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को होटल में नजरबंद किए जाने का दावा किया गया है। कांग्रेस ने सरकार पर नेताओं को अयोध्या जाने से रोकने का आरोप लगाया है। फिलहाल सरकार या पुलिस की ओर से इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
2 min read
Jun 30, 2026
Congress Delegation Ayodhya
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय हुए हाउस अरेस्ट(फोटो-PTI)

Ajay Rai House Arrest: राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच अयोध्या में कांग्रेस के प्रस्तावित दौरे से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया गया है। कांग्रेस ने इसे सरकार की दमनात्मक कार्रवाई बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी नेताओं को भगवान रामलला के दर्शन करने से रोका जा रहा है।

अयोध्या में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का था कार्यक्रम

कांग्रेस ने 30 जून को अयोध्या में प्रतिनिधिमंडल के दौरे की घोषणा की थी। कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व एमएलसी रामलला के दर्शन और पूजन के लिए अयोध्या पहुंचने वाले थे। प्रतिनिधिमंडल में सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद ए.पी. गौतम और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले थे।

अजय राय को होटल में नजरबंद किए जाने का दावा

कांग्रेस के अनुसार, अजय राय को अयोध्या के होटल पदम श्री पैलेस में हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया गया। चूंकि प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अजय राय को ही करना था, इसलिए इस कार्रवाई को लेकर पार्टी ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कई अन्य नेताओं को भी किया गया नजरबंद

उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि प्रतापगढ़ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष को भी पुलिस ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए नजरबंद कर दिया। पार्टी ने कहा कि यदि श्रद्धालुओं को अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन से रोका जा रहा है, तो यह असंवैधानिक है। कांग्रेस ने राज्य सरकार से नजरबंद किए गए नेताओं को तत्काल रिहा करने और उन्हें बिना किसी बाधा के अयोध्या जाने की अनुमति देने की मांग की।

सरकार पर कांग्रेस का हमला


सोशल मीडिया साइट 'X' पर पोस्ट करके कांग्रेस ने पूछा है कि क्या यूपी में अब प्रभु श्रीराम के दर्शन करना भी अपराध हो गया है?

आगे कहा गया कि कल यानी 30 जून को प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय राय जी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। लेकिन इस यात्रा से डरी भाजपा सरकार ने कायरतापूर्ण हरकत शुरू कर दी है!

आगे कहा कि अब से कुछ ही देर पहले प्रतापगढ़ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष जी को पुलिस ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है। पोस्ट में आगे जोड़ा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा के नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और संस्कृति के प्रतीक हैं। श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने से रोकना असंवैधानिक है।
उत्तर प्रदेश सरकार दमनकारी नीति बंद करे, नजरबंद किए गए कांग्रेस नेताओं को तत्काल मुक्त करे और बिना किसी बाधा के अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की अनुमति दे।

Updated on:
30 Jun 2026 12:40 am
Published on:
30 Jun 2026 12:30 am