राष्ट्रीय

सीजेपी-कांग्रेस प्रोटेस्ट के बीच अमित शाह के घर पर बड़ी बैठक, धर्मेंद्र प्रधान भी मिलने पहुंचे

NEET UG Paper Leak Protest: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर बड़ी बैठक हो रही है। इस बैठक में जेपी नड्डा और नितिन नवीन भी मौजूद है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान भी अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं।
2 min read
Jul 22, 2026
CJP Protest
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (बाएं) और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Photo-IANS)

JP Nadda Amit Shah Meeting: नीट यूजी पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी का प्रदर्शन जारी है। वहीं कांग्रेस ने भी इसको लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर बड़ी बैठक हो रही है। इस बैठक में जेपी नड्डा और नितिन नवीन भी मौजूद है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान भी अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं। हालांकि बीजेपी की तरफ से अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

कांग्रेस ने क्या कहा? 

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार युवाओं पर लाठियां बरसाकर उनकी आवाज़ नहीं दबा सकती। हमने पार्लियामेंट में एडजर्नमेंट मोशन देकर चर्चा और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। सरकार, PM और होम मिनिस्टर को देश के युवाओं से माफ़ी मांगनी चाहिए।

वहीं कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कर्तव्य पथ, सेवा तीर्थ और लोक कल्याण मार्ग किसके लिए हैं? सरकार और सांसद किसके लिए हैं? यह पार्लियामेंट इस देश के भविष्य के लिए है, यानी बच्चों के लिए, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा क्यों नहीं मांगा जा रहा है। 

उन्होंने आगे कहा कि  सच तो यह है कि 12 साल से इस सरकार ने एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद कर दिया है। यह देश का दुर्भाग्य है। एजुकेशन मिनिस्टर का इस्तीफा लो और जो बच्चे मारे गए हैं उनसे माफी मांगो। यह भारत के भविष्य की लड़ाई है।

TMC सांसद ने क्या कहा?

टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने कहा कि यह शर्मनाक है कि मोदी सरकार स्टूडेंट्स के खिलाफ आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है। युवा इसलिए प्रोटेस्ट कर रहे हैं क्योंकि एग्जाम के पेपर लीक हो गए हैं और 20 स्टूडेंट्स ने सुसाइड कर लिया है। यह कैसी सरकार हैं? जब किसान प्रोटेस्ट कर रहे थे, तो आपने उन पर भी आंसू गैस छोड़ी और उन्हें 'खालिस्तानी' भी कहा। जब महिला पहलवान प्रोटेस्ट कर रही थीं, तो आपने उनसे बातचीत नहीं की? मोदी सरकार युवाओं, महिला पहलवानों, किसानों से किस बात से डरी हुई है? 

उन्होंने कहा कि आपको युवाओं से खुलकर बात करनी चाहिए। पूरा विपक्ष हमारी आवाज उठाने और यह कहने के लिए एकजुट है कि स्टूडेंट्स के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं? यह मसला आंसू गैस और लाठियों से नहीं, बल्कि बातचीत से हल होगा। जिस तरह से स्टूडेंट्स के खिलाफ आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, उससे पता चलता है कि आप (BJP) एक फेल सरकार हैं।

Updated on:
22 Jul 2026 02:02 pm
Published on:
22 Jul 2026 01:17 pm