राष्ट्रीय

Amit Shah In Jammu Kashmir: अमित शाह IIT जम्मू में रिसर्च सेंटर का करेंगे उद्घाटन, जानिए आज के कार्यक्रम

Amit Shah In Jammu Kashmir गृहमंत्री अपने दौरे के दूसरे दिन शाह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) जम्मू में एक मल्टीडिसीप्लिनरी रिसर्च सेंटर के दो चरणों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही केंद्र के तीसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2021, 9:41 AM IST
Amit Shah In Jammu Kashmir
Amit Shah In Jammu Kashmir

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ( Amit Shah In Jammu Kashmir ) जम्मू-कश्मीर की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। दौरे के दूसरे दिन शाह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) जम्मू में एक मल्टीडिसीप्लिनरी रिसर्च सेंटर के दो चरणों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही केंद्र के तीसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे।

अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 (Article 370) को निरस्त करने के बाद से शाह पहली बार जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। यही वजह है श्रीनगर समेत कई जिलों में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जमीन से लेकर आसमान तक हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही हैं।

गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को जम्मू स्थित आईआईटी कैंपस के एक बहु-विषयक अनुसंधान केंद्र फेज 1ए और 1बी को समर्पित करेंगे और कैंपस के फेज 1सी की आधारशिला भी रखेंगे। उद्घाटन में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा (Lieutenant Governor Manoj Sinha) और केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) भी शामिल होंगे।

इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को उद्घाटन की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान ( IIT ) जम्मू का दौरा किया था। प्रधान ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने आईआईटी जम्मू में तैयारियों की समीक्षा की।

बीजेपी कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
आईआईटी को सौगात देने के बाद गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) जम्मू यूनिवर्सिटी के जोरावर ऑडिटोरियम में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। दरअसल पहले ये रैली जम्मू के भगवती नगर ग्राउंड में होनी थी लेकिन, खराब मौसम के चलते अब इस रैली को अंतरराष्ट्रीय सीमा से चंद किलोमीटर दूर आयोजित किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस दौरान अमित शाह नए जम्मू-कश्मीर की तस्वीर पेश करने के साथ देश-दुनिया को अनुच्छेद 370 का सच भी बताएंगे।

पहले दिन शहीद के परिजनों से की मुलाकात
अपनी यात्रा के पहले दिन शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत आतंकवादी हमलों में मारे गए शहीदों के परिजनों से मुलाकात के जरिए की। वे इंस्पेक्टर परवेज अख्तर के परिवार वालों से मिले और सरकारी नौकरी के कागज उन्हें सौंपे। इसके साथ घाटी के हालातों को लेकर अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। वहीं युवाओं से भी चर्चा की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'पॉलिसी ऑन हेलीकॉप्टर ऑपरेशन इन यूनियन टेरिटरी ऑफ जम्मू-कश्मीर' को लॉन्च किया। इसके साथ ही श्रीनगर-शारजाह अंतरराष्ट्रीय उड़ान का उद्घाटन भी किया गया।

Published on: