
अकोला। महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के विलय को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के पूर्व विधायक अमोल मिटकरी ने इच्छा जताई है कि अजित पवार की पहली पुण्यतिथि से पहले दोनों गुटों का एकीकरण हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस का विलय ही अजित पवार को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मिटकरी ने अकोला में कहा कि 28 जनवरी को अजित पवार की पहली पुण्यतिथि है। इससे पहले दोनों गुटों के एक होने का उनका सपना पूरा होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र को जल्द ही अच्छी खबर मिल सकती है। विलय के सवाल पर उन्होंने संकेत देते हुए कहा, आगे-आगे देखिए, होता है क्या। मिटकरी ने कहा कि विलय को लेकर उनकी पार्टी पूरी तरह सुनेत्रा पवार के साथ है। पार्टी के आम कार्यकर्ताओं की भी यही भावना है कि सुनेत्रा पवार जो फैसला करेंगी, वही पार्टी की नीति होगी। वह जिस दिशा में कदम बढ़ाएंगी, कार्यकर्ता उनके साथ रहेंगे।
दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हलचल बढ़ी हुई है। इससे पहले शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा था कि उनकी ओर से विलय की चर्चा समाप्त हो चुकी है। हालांकि, शरद पवार के साथ लगातार हो रही मुलाकातों और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई चर्चा के बाद इस मुद्दे पर फिर से अटकलें शुरू हो गई हैं। मिटकरी ने इस दौरान अजित पवार की मृत्यु की जांच की मांग भी दोहराई। वह पहले भी इस मामले में साजिश की आशंका जता चुके हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस के 20 विधायकों के टूटने संबंधी संजय राउत के बयान पर मिटकरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि संजय राउत को उनकी पार्टी की चिंता करने के बजाय अपने दल की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। वहीं दूसरी तरफ शरद पवार नीत एनसीपी (एसपी) के नेता रोहित पवार ने दावा किया था कि अजित पवार की मौत महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने इस मामले में कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जांच को लेकर सवाल उठाए थे। अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के प्रवक्ता उमेश पाटील ने भी इसी तरह का दावा कर खलबली मचा दी है।