राष्ट्रीय

Maternity Leave : तमिलनाडु में मैटरनिटी लीव बढ़ाने के प्रस्ताव पर बोलीं सीएम देवेंद्र फडणवीस पत्नी- यह दोधारी तलवार जैसा फैसला

Tamil Nadu Government Maternity Leave : तमिलनाडु में तीसरे बच्चे के जन्म पर मैटरनिटी लीव बढ़ाने के फैसले पर अमृता फडणवीस ने इसे ‘दोधारी तलवार’ जैसा बताया। उन्होंने कहा कि एक ओर महिला को बच्चे की देखभाल के लिए पर्याप्त समय मिलना जरूरी है, वहीं दूसरी ओर बढ़ती आबादी को लेकर भी चिंता है।
2 min read
Aug 19, 2026
Amruta Fadnavis
सामाजिक कार्यकर्ता अमृता फडणवीस (Photo ANI)

Amruta Fadnavis on Tamil Nadu Government Maternity Leave : नागपुर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी और सामाजिक कार्यकर्ता अमृता फडणवीस ने तमिलनाडु सरकार द्वारा प्रसूति अवकाश की अवधि बढ़ाने से जुड़े प्रस्ताव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इस विषय को संवेदनशील और बहुआयामी करार दिया है।

नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अमृता फडणवीस ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी राय मिली-जुली है। उन्होंने इसे दोधारी तलवार जैसा बताया। उनके मुताबिक, एक तरफ देश में बढ़ती आबादी को लेकर चिंता है और यह सवाल उठ सकता है कि ऐसे प्रोत्साहनों से तीसरे बच्चे के जन्म को बढ़ावा तो नहीं मिलेगा। वहीं, दूसरी तरफ नवजात बच्चे की देखभाल और परवरिश के लिए मां को पर्याप्त समय मिलना भी जरूरी है।

संतुलन बनाने की आवश्यकता

अमृता फडणवीस ने कहा कि बच्चे की शुरुआती परवरिश में मां की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में मातृत्व अवकाश से जुड़े प्रावधान तय करते समय महिलाओं के अधिकारों और देश की सामाजिक परिस्थितियों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

गौरतलब है कि तमिलनाडु सरकार ने मंगलवार को महिला सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने तीसरे बच्चे के जन्म पर मिलने वाली मैटरनिटी लीव को बढ़ाकर 365 दिन यानी एक साल करने की घोषणा की है। इससे पहले तीसरे बच्चे के लिए अधिकतम 12 सप्ताह की छुट्टी का प्रावधान था। राज्य सरकार ने विधानसभा में इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देना है।

सर्जियो गोर की तारीफ पर अमृता फडणवीस का बयान

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यों की सराहना करने पर उनकी पत्नी अमृता फडणवीस ने खुशी जताई है। अमृता फडणवीस ने कहा कि सबसे पहले, मैं देवेंद्र फडणवीस की तारीफ करने और महाराष्ट्र के बारे में इतनी अच्छी बातें कहने के लिए अमेरिकी राजदूत का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। लेकिन मैं यह भी कहना चाहूंगी कि महाराष्ट्र वाकई एक खास जगह है और मुंबई महाराष्ट्र और देश की आर्थिक व सांस्कृतिक राजधानी है। इसकी सराहना पूरी दुनिया भर में की जाती है।

उन्होंने कहा कि जहां तक देवेंद्र फडणवीस की बात है, तो मैं कहूंगी कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सभी नेता खुद इतने प्रेरित हैं कि वे दिन-रात लोगों की सेवा में लगे रहते हैं। एक तरह से, यह पीएम मोदी का आशीर्वाद ही है जो नेताओं को जनता के लिए इतनी लगन और निष्ठा से काम करने की प्रेरणा देता है।

Updated on:
19 Aug 2026 03:35 pm
Published on:
19 Aug 2026 03:35 pm