राष्ट्रीय

Amul Milk Price Hike: महंगाई का एक और झटका, अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, कल से लागू होगा नया रेट

अमूल ने दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। नई कीमतें 14 मई से पूरे देश में लागू होंगी। ऐसे में अब घर का किचन बजट और ज्यादा बिगड़ सकता है।
2 min read
May 13, 2026
Amul Dairy Products
Amul Dairy Products

Amul Milk Price Hike: महंगाई से परेशान आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल (Amul) ने देशभर में अपने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि नई दरें 14 मई, 2026 की सुबह से प्रभावी होंगी।

कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अमूल स्टैंडर्ड मिल्क, बफेलो मिल्क, गोल्ड, स्लिम एंड ट्रिम, ताजा, टी-स्पेशल और काउ मिल्क समेत कई प्रमुख वेरिएंट महंगे हो गए हैं। कीमतों में यह बढ़ोतरी लगभग 2.5% से 3.5% तक है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब लोग पहले से ही खाने-पीने की चीजों और ईंधन की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं।

आखिर क्यों बढ़ा दिए दूध के दाम

कंपनी ने इस बढ़ोतरी के पीछे उत्पादन लागत और ऑपरेशनल खर्चों में हुए भारी उछाल को जिम्मेदार ठहराया है।GCMMF ने अपने आधिकारिक प्रेस रिलीज में साफ तौर पर कहा यह मूल्य वृद्धि दूध के संचालन और उत्पादन की कुल लागत में हुई बढ़ोतरी के कारण की जा रही है। इस साल पशु आहार, दूध की पैकेजिंग की लागत में काफी वृद्धि हुई है। कंपनी का कहना है कि पशु चारे (Cattle Feed) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। साथ ही दूध की पैकेजिंग वाली फिल्म और ट्रांसपोर्टेशन में इस्तेमाल होने वाले ईंधन के दाम भी आसमान छू रहे हैं, जिसके चलते कीमतों में संशोधन करना अनिवार्य हो गया था।

जानिए कितने रुपये में मिलेगा दूध

दिल्ली-एनसीआर और यूपी में अमूल ने दूध के नए दाम जारी किए हैं। स्लिम एन 27 रुपये, गाय का ताजा दूध 30 रुपये में मिलेगा, और गोल्ड दूध 35 रुपये का मिलेगा। भैंस के दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। भैंस का दूध अब 78 रुपये लीटर मिलेगा।

किसानों को फायदा या जनता पर बोझ?

दरअसल, अमूल का दावा है कि इस बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा सीधे उन पशुपालक किसानों के पास जाएगा जो दिन-रात मेहनत कर दूध उत्पादन करते हैं। फेडरेशन के मुताबिक, उन्होंने किसानों को दिए जाने वाले प्रोक्योरमेंट प्राइस (खरीद मूल्य) में ₹30 प्रति किलो फैट की बढ़ोतरी की है।

वैरिएंटपैकपुरानी कीमतनई कीमतबढ़ोतरी
ताजा दूध500 ml₹28₹29₹1
ताजा दूध1 लीटर₹55₹57₹2
गाय का दूध500 ml₹29₹30₹1
शक्ति500 ml₹31₹32₹1
टी स्पेशल1 लीटर₹63₹66₹3
गोल्ड500 ml₹34₹35₹1
बफेलो दूध500 ml₹37₹39₹2

कंपनी ने अपनी नीति को स्पष्ट करते हुए कहा:

कंपनी का कहना है अमूल दूध और दूध से बने उत्पादों के लिए उपभोक्ताओं द्वारा चुकाए गए हर एक रुपये में से लगभग 80 पैसे दूध उत्पादकों को देता है। कीमतों में किया गया यह संशोधन हमारे दूध उत्पादकों को दूध की लाभकारी कीमतें दिलाने और उन्हें दूध का अधिक उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित करने में सहायक होगा। लेकिन हकीकत यह है कि मिडिल क्लास और गरीब परिवारों के लिए हर महीने का हिसाब-किताब अब गड़बड़ाने वाला है। दूध की कीमतें बढ़ने का मतलब है कि अब चाय, कॉफी, पनीर, दही और यहां तक कि मिठाइयों के दाम भी जल्द ही ऊपर जा सकते हैं।

क्या अब बाकी कंपनियां भी बढ़ाएंगी रेट?

बाजार के जानकारों का मानना है कि अमूल द्वारा दाम बढ़ाए जाने के बाद अब मदर डेयरी और अन्य स्थानीय ब्रांड्स भी कीमतों में इजाफा कर सकते हैं। जब-जब अमूल ने रेट बढ़ाए हैं, अक्सर पूरी डेयरी इंडस्ट्री उसी राह पर चलती है। फिलहाल, 14 मई की सुबह से देशभर के करोड़ों घरों में चाय की चुस्की थोड़ी महंगी होने जा रही है। अगर आप रोजाना 2 लीटर दूध लेते हैं, तो महीने भर में आपकी जेब पर ₹120 का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा।

Updated on:
13 May 2026 08:28 pm
Published on:
13 May 2026 07:42 pm