
Bankipur Election Anant Singh Reaction: नतीजों के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। जिस सीट को कभी भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता था, वहां जनसुराज के संस्थापक और प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने 19 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज कर सभी राजनीतिक समीकरण बदल दिए। लेकिन इस जीत से भी ज्यादा चर्चा अब जदयू विधायक अनंत सिंह के बयान की हो रही है।
भाजपा की हार के बाद अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को हटा दिया गया, इसलिए जनता दुखी है। उन्होंने आगे क्या कुछ कहा चलिए जानते हैं।
अनंत सिंह ने कहा- ‘जनता मालिक है, उन्होंने जिसको वोट दिया वो जीते। जिनको नहीं दिया वो हारे। ये दुकान चलाने की चीज तो नहीं है ना। वो जिसको चाहते हैं, उसको बनाते हैं जिनको नहीं चाहते उसको कुर्सी से उतार देते हैं। नेता लोगों के पास कोई शक्ति नहीं है। जनता में इस बात का हल्ला है कि नीतीश कुमार के साथ ये सब मिलकर हटाए हैं। वो सब नीतीश कुमार को वोट दिए थे। इसलिए उन्हें (जनता) अच्छा नहीं लगा। सब खेलवाड़ बना दिया गया है। ये जनता को पसंद नहीं है। जनता दुखी है। जनता का कहना है कि नीतीश कुमार ने इतना बढ़िया काम किया। हम उनको वोट दिए और उन्हीं को हटा दिया गया।’
भाजपा की हार के बाद बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जनता के फैसले का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है। पार्टी इस हार की गंभीर समीक्षा करेगी। जिन कारणों से वोट कम मिले, उन्हें समझा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी हार का दोष ईवीएम या चुनाव आयोग पर नहीं डालती। पार्टी आत्ममंथन कर कमियों को दूर करने का काम करेगी।
बीते कल संसद की कार्यवाही के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। वहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। बैठक में संगठन और मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। नीतीश कुमार ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
वहीं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी। राजद सांसद मीसा भारती ने कहा कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद भाजपा अपनी मजबूत सीट नहीं बचा सकी। उन्होंने इसे भाजपा के कमजोर होते जनाधार का संकेत बताया। साथ ही प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी।
राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि जनता ने कानून-व्यवस्था और सरकार के अहंकारी रवैये के खिलाफ मतदान किया है। कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने दावा किया कि पटना की जनता बदलाव चाहती थी। इसलिए लोगों ने प्रशांत किशोर पर भरोसा जताया। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा से दूरी बना रही है और आने वाले चुनावों में भी इसका असर दिखाई देगा।