
Anant Singh Statement: JDU से निष्कासित मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बिहार MLC चुनाव पर कहा, "हम जीतेंगे। हमने जैसा कहा है वैसा ही होगा। उन्होनें यह भी कहा कि "जनता मालिक है, हमें कोई समस्या नहीं है। JDU द्वारा उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किए जाने पर उन्होंने कहा, "हमें कोई परेशानी नहीं है। हम सरकारी आवास को खाली कर देंगे। पार्टी जो भी निर्णय लेगी हम तैयार हैं। हमें कोई समस्या नहीं है, जनता मालिक है।
जनता दल (यूनाइटेड) से 6 साल के लिए निष्कासित मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उन्हें इस कार्रवाई का कोई गम नहीं है और वे खुद की नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। अनंत सिंह ने स्पष्ट किया है कि वे किसी अन्य पार्टी में नहीं जाएंगे, हालांकि उन्होनें अपनी खुद की नई पार्टी का गठन करने के संकेत जरूर दिए हैं लेकिन इस बारे में खुलकर अभी कोई घोषणा नहीं की है।
जेडीयू (JDU) ने अनुशासनहीनता, पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी और हालिया विधान परिषद चुनाव में विरोधी दल (जन सुराज पार्टी) के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने के आरोप में अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है।
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने दावा किया कि नीतीश कुमार की सक्रिय भूमिका के बिना जेडीयू का वजूद समाप्त हो चुका है और आगामी चुनावों में पार्टी 10-12 सीटों पर सिमट जाएगी। पार्टी में गुटबाजी और कलह भी जल्द ही खुलकर सामने आ जाएगी।
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मंगलवार को मतगणना हो रही है। जिसमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है। बिहार एमएलसी चुनाव के रिजल्ट से मोकामा विधायक अनंत सिंह की प्रतिष्ठा भी जुड़ी है, क्योंकि पटना स्नातक सीट से जदयू प्रत्याशी नीरज सिंह का विरोध करने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। उन पर जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन करने का आरोप है।