
Andaman Largest Underwater National Flag Guinness Record: अंडमान-निकोबार द्वीप समूह ने शनिवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। प्रशासन ने राधानगर समुद्र तट पर समुद्र के भीतर दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह तिरंगा लगभग 60X40 मीटर का था। इसे समुद्र के भीतर बेहद जटिल और सुनियोजित तरीके से स्थापित किया गया। यह पूरा अभियान स्वराज द्वीप (जिसे पहले हैवलॉक द्वीप कहा जाता था) पर चलाया गया जिसमें कई विभागों और प्रशिक्षित गोताखोरों ने हिस्सा लिया।
इस विशेष अभियान में अंडमान-निकोबार पुलिस, वन विभाग, भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के साथ-साथ विभिन्न गोताखोरी केंद्रों के प्रशिक्षित गोताखोर शामिल हुए। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में तीन स्कूली बच्चे जिसमें 16 वर्षीय फतेह जहां सिंह, 15 वर्षीय लावण्या ईरा और 14 वर्षीय रणविजय सिंह भी शामिल रहे हैं। ये 200 से अधिक गोताखोरों में सबसे कम उम्र के प्रतिभागी थे।
विश्व रिकॉर्ड के निर्णायक ऋषि नाथ ने इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि की और उपराज्यपाल डी. के. जोशी को प्रमाण पत्र सौंपा है। इस मौके पर मुख्य सचिव चंद्र भूषण कुमार और पुलिस महानिदेशक एच. एस. ढालीवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उपराज्यपाल डी. के. जोशी ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह द्वीप समूह की विशेष उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ता है। उन्होंने इस अभियान में शामिल सभी टीमों के समन्वय और समर्पण की तारीफ की। अधिकारियों का मानना है कि इस उपलब्धि से अंडमान-निकोबार की पहचान साहसिक पर्यटन और समुद्री गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में शामिल छात्रों ने इसे जीवन का खास अनुभव बताया है। फतेह जहां सिंह ने कहा कि समुद्र की दुनिया बेहद सुंदर है और इस उपलब्धि का हिस्सा बनकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। वहीं, लावण्या और रणविजय ने कहा कि पानी के नीचे तिरंगा थामना उनके लिए बेहद भावुक और रोमांचक पल था।
अंडमान-निकोबार प्रशासन अब एक और विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। रविवार को स्वराज द्वीप के लाइटहाउस डाइव स्थल पर सबसे ऊंचा मानव समूह बनाने का प्रयास किया जाएगा।