राष्ट्रीय

पंजाब सरकार के 3 साल पूरे: केजरीवाल बोले- 5 साल और अगला कार्यकाल भी पूरा करेंगे भगवंत मान

Arvind Kejriwal in Golden Temple: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रविवार को पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की।
2 min read
Mar 16, 2025
Kejriwal's big statement in Punjab, said- Bhagwant Mann will complete another term for 5 years
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान

Arvind Kejriwal in Golden Temple: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली विधानसभा में मिली हार के बाद रविवार को पहली सार्वजनिक मौके पर नजर आए। पूर्व दिल्ली सीएम केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी थीं। केजरीवाल ने अपनी पत्नी के साथ अमृतसर प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे। होशियारपुर में 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान सत्र पूरा करने के बाद केजरीवाल अमृतसर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भगवंत मान सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रतिक्रिया दी और इसे सुशासन का मॉडल बताया। स्वर्ण मंदिर में दर्शन के बाद केजरीवाल और मान ने स्थानीय पार्टी नेताओं से मुलाकात की और पंजाब सरकार के भविष्य के कार्यों पर चर्चा की।

पांच साल पूरे करेंगे भगवंत मान

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब की सबसे बड़ी समस्या नशा और भ्रष्टाचार है। हम नशा और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग छेड़ेंगे। यह न्याय की लड़ाई है। भगवंत मान सीएम के तौर पर अपने 5 साल पूरे करेंगे और अगले 5 साल भी पूरे करेंगे।

भगवंत मान सरकार के तीन साल पूरे, गिनाई पार्टी की उपलब्धियां

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री और आप नेता बलबीर सिंह ने भी भगवंत मान को इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं। अरविंद केजरीवाल ने कहा, भगवंत मान सरकार के तीन साल बदलाव के तीन साल हैं। इन वर्षों में पंजाब को बेहतर स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा में क्रांतिकारी सुधार, उच्च स्तरीय अस्पताल, मुफ्त बिजली और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मिला है। हमारी पार्टी आम जनता को प्राथमिकता देती है और यह सुशासन की पहचान है।

आज के दिन ली थी 17वें मुख्यमंत्री पद की शपथ

गौरतलब है कि भगवंत मान ने 16 मार्च 2022 को पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनावों में 117 में से 92 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाई थी और कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया था। पार्टी ने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन किया और दिसंबर में पटियाला और जालंधर नगर निगमों में बहुमत हासिल किया था।

दिल्ली चुनाव में आप को मिली करारी हार

हालांकि, दिल्ली में हुए हालिया विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को 4,000 से अधिक वोटों से हराया। इस चुनाव में कांग्रेस के संदीप दीक्षित तीसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने 4,500 से अधिक मत प्राप्त किए।

बीजेपी की दिल्ली में 27 साल बाद हुई वापसी

दिल्ली में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 48 सीटें हासिल कीं और 27 साल बाद सत्ता में वापसी की। इस हार के बाद यह केजरीवाल की पहली बड़ी सार्वजनिक उपस्थिति थी, जहां उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यों की सराहना की और भविष्य के लिए उम्मीदें जताईं।

Updated on:
16 Mar 2025 03:47 pm
Published on:
16 Mar 2025 02:38 pm