West Bengal polls: अरविंद केजरीवाल ने टीएमसी और ममता बनर्जी के समर्थन में भाजपा पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी, SIR और राज्य में चल रही योजनाओं को लेकर भाजपा पर बरसे।
Arvind Kejriwal attack on BJP: पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण के चुनाव के लिए सियासी पारा चढ़ता दिखाई दे रहा है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में ममता बनर्जी के न्योते पर तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी को 'कमजोर प्रधानमंत्री' कहा और आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लगभग 27 लाख मतदाताओं को हटा दिया गया है।
उत्तरी कोलकाता के बेलेघाटा में टीएमसी के चुनाव अभियान के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं आपसे मिलने दिल्ली से आया हूं। यह कोई साधारण चुनाव नहीं है; यह देश को बचाने और लोकतंत्र की रक्षा करने का चुनाव है। भाजपा ने बंगाल में अपनी पूरी ताकत लगा दी है। यह बंगाली पहचान और बंगाल के लोगों की गरिमा पर हमला है। पूरा बंगाल लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा, अमित शाह और मोदी जी को मुंहतोड़ जवाब देगा और उन्हें बुरी तरह हराएगा'
उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा, '75 वर्षों में इतना कमजोर प्रधानमंत्री नहीं देखा गया। सोशल मीडिया पर मोदी और अमित शाह का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है। पीएम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी दृढ़ता से बोलने में असमर्थ हैं। वे (भाजपा) केवल गंदी राजनीति कर रहे हैं। यह पूरा चुनाव SIR के इर्द-गिर्द लड़ा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में लगभग 27 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। अगर आप मतदाता नहीं हैं, तो इससे आपकी नागरिकता पर सवाल उठते हैं। मैं प्रभावित लोगों से ममता दीदी के साथ खड़े होने और उनके लिए घर-घर जाकर प्रचार करने का आग्रह करता हूं।'
केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली में लागू की गई कई कल्याणकारी पहलों को उलट दिया है और चेतावनी दी है कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की योजनाओं को रोका जा सकता है।
केजरीवाल ने कहा, 'आज भाजपा ने दिल्ली में हमारे सारे अच्छे काम बर्बाद कर दिए हैं। हमने अच्छे स्कूल बनवाए, लेकिन उन्होंने उन्हें बंद कर दिया। हमने मोहल्ले में क्लीनिक खुलवाए, हमने महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त करवाई, लेकिन उन्होंने उसे भी बंद कर दिया। हमने बिजली मुफ्त करवाई, और वे उसे भी बंद करने वाले हैं। दीदी ने यहां जो भी काम किया है, अगर आपने गलती से भी उन्हें वोट दे दिया, तो वे सब कुछ रोक देंगे…' आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को निर्धारित है।