Assam Assembly Election Polls: असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन प्रक्रिया तेज कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 40 नामों पर सहमति बनी है। एपीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई के जोरहाट से चुनाव लड़ने की संभावना है, जबकि भाजपा होली के बाद अपनी सूची जारी कर सकती है।
Assam Assembly Election 2026: असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस संबंध में गुरुवार शाम पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें संभावित उम्मीदवारों की जीत की संभावना, स्थानीय समीकरण और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक के दौरान लगभग 40 उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनी। विधानसभा चुनाव की आधिकारिक घोषणा के बाद पार्टी इन उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। उधर सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) के अध्यक्ष Gaurav Gogoi आगामी विधानसभा चुनाव में जोरहाट सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक से पहले गौरव गोगोई ने रायजोर दल के साथ संभावित गठबंधन का समर्थन किया है। इस संबंध में दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। रायजोर दल के साथ संभावित गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए गोगोई ने कहा कि कुछ दलों के साथ बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है और अब केवल औपचारिक घोषणा शेष है। हालांकि, रायजोर दल के साथ वार्ता अभी अधूरी है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा होली के बाद चरणबद्ध तरीके से उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। इस संबंध में असम भाजपा के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद Dilip Saikia ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी उपयुक्त समय पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी, जिसमें भरोसेमंद चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी।