Assam Election 2026: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई और असम प्रदेश कमेटी के उपाध्यक्ष नवज्योति तालुकदार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
Assam Election 2026: असम में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान हो गया है। प्रदेश की 126 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, राज्य में सियासी हलचल भी तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। इसी के साथ पार्टी के अंदर अंतर्कलह भी सामने आ गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई और असम प्रदेश कमेटी के उपाध्यक्ष नवज्योति तालुकदार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। दोनों नेताओं के इस्तीफे के बाद तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
इस्तीफे को लेकर नवज्योति तालुकदार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में पार्टी की कार्यप्रणाली से लंबे समय से चली आ रही असंतुष्टि और अपनी बार-बार शिकायतों के बाद भी कोई समाधान नहीं मिलने का हवाला दिया। उन्होंने आगे कहा कि ऐसी परिस्थितियों में पार्टी में बने रहना स्वीकार्य नहीं है।
वहीं विधानसभा चुनाव से पहले नगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने भी अपने इस्तीफे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखा कि 'मैं कांग्रेस के सभी पदों, विशेषाधिकारों और प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा देता हूं।'
इस्तीफे को लेकर मीडिया से बात करते हुए प्रद्युत बोरदोलोई ने कहा कि असम कांग्रेस में मुझे लगातार कई विषयों में अपमानित किया जा रहा था। कांग्रेस नेतृत्व ने सहानुभूति नहीं दिखाई। मैं बहुत अकेला हो गया था। इसलिए मुझे ये फैसला लेना पड़ा। हां, मैंने AICC अध्यक्ष को इस्तीफा दे दिया है।
बता दें कि असम की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। विधानसभा चुनाव का परिणाम 4 मई को घोषित किया जाएगा। प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस भी वापसी को लेकर हर संभव कोशिश कर रही है।
पिछले चुनाव में एनडीए ने 75 सीटें जीती थीं, जिसमें से बीजेपी ने अकेले 60 सीटों पर कब्जा किया था। वहीं विपक्षी गठबंधन को मात्र 16 सीटें मिली।