राष्ट्रीय

जामनगर-राजकोट हाईवे पर कार में चल रहा था रिश्वत का खेल, ACB ने 8 लाख लेते ऑडिट अधिकारी को किया गिरफ्तार

Jamnagar ACB Trap: जामनगर में एसीबी ने अहमदाबाद के ऑडिट अधिकारी विनसकुमार सावारिया को आठ लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बंद हो चुके आयकर ऑडिट को दोबारा नहीं खोलने के बदले रिश्वत मांगी थी।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 7:07 PM IST
Gujarat ACB
विनसकुमार सावारिया। फाइल फोटो- पत्रिका

Gujarat ACB: अहमदाबाद के ऑडिट भवन में तैनात असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर को जामनगर में आठ लाख रुपए की रिश्वत लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने आयकर रिटर्न से जुड़ी शिकायत का निपटारा होने के बावजूद बंद हो चुके ऑडिट को दोबारा नहीं खोलने के बदले रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने जाल बिछाकर उसे उसकी कार में ही रिश्वत की रकम लेते पकड़ लिया।

बंद ऑडिट को दोबारा नहीं खोलने के मांगे आठ लाख

आरोपी की पहचान विनसकुमार सावारिया के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद के नवरंगपुरा स्थित ऑडिट भवन (पीडी सेंट्रल) में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (क्लास-2) के पद पर तैनात है। मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता की कंपनी के प्रबंध निदेशक ने वित्तीय वर्ष 2024-25 का आयकर रिटर्न दाखिल किया था। इससे जुड़ी एक क्वेरी का समाधान हो चुका था और असेसमेंट ऑडिट भी बंद हो गया था।

इसके बावजूद आरोपी अधिकारी ने बंद हो चुके ऑडिट को दोबारा नहीं खोलने के बदले शिकायतकर्ता से आठ लाख रुपए की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम नहीं देना चाहता था। ऐसे में उसने जामनगर एसीबी से संपर्क कर अधिकारी की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और रिश्वत लेते अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

हाईवे पर कार में बुलाकर ली रिश्वत

योजना के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने के लिए जामनगर-राजकोट हाईवे पर आयकर कार्यालय के पास बुलाया। यह जगह तिरुमंदिर जाने वाले रास्ते के साइन बोर्ड के नजदीक थी। अधिकारी ने शिकायतकर्ता को अपनी कार में ही रकम देने के लिए कहा। शिकायतकर्ता के वहां पहुंचने पर एसीबी की टीम भी मौके पर तैनात थी।

जैसे ही आरोपी ने कार में आठ लाख रुपए की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद रिश्वत की रकम बरामद कर अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं।

Updated on:
22 Nov 2026, 7:07 PM IST
Published on: