Bangladesh High Commission: बांग्लादेश हाई कमीशन ने नई दिल्ली स्थित अपने मिशन में कांसुलर और वीजा सेवाओं पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है।
भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में खटास बढ़ती जा रही है। बांग्लादेश में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने इंडियन वीजा एप्लीकेशन सेंटर्स में वीजा सेवाएं अगले आदेश तक रोक दी थीं। भारत की इस कार्रवाई से बौखलाए बांग्लादेश ने भी भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं सस्पेंड कर दी हैं।
बांग्लादेश हाई कमीशन ने नई दिल्ली स्थित अपने मिशन में कांसुलर और वीजा सेवाओं पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है। गौरतलब है कि चटगांव में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने भारत के वीजा कार्यालय पर पथराव किया था। इसके बाद भारत ने खुलना, राजशाही और चट्टोग्राम में भी वीजा सेवाएं सस्पेंड कर दी थीं।
भारत ने रविवार को बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चटगांव में स्थित इंडियन वीजा एप्लीकेशन सेंटर में वीजा सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी थीं। यह फैसला शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़के हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए लिया गया। बताया जा रहा है कि हादी पिछले वर्ष शेख हसीना को सत्ता से हटाने वाले आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे।
बांग्लादेश हाई कमीशन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण नई दिल्ली स्थित मिशन से सभी कांसुलर और वीजा सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित की जाती हैं। हाई कमीशन ने इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, 12 दिसंबर को ढाका के बिजॉय नगर इलाके में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने शरीफ उस्मान हादी पर हमला किया था। हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी थी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया।
इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई। हादी की मौत की खबर सामने आते ही बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं शुरू हो गईं। हादी के जनाजे के दौरान भी भीड़ ने भारत विरोधी नारे लगाए।