राष्ट्रीय

प्रेमी की खातिर सिंधिया से सगाई तोड़ने वाली राजकुमारी इंदिरा ने कैसे जीती प्यार की जंग, पढ़िए दिलचस्प किस्सा

princess Indira love story: ग्वालियर के सिंधिया राजघराने से जुड़ी एक दिलचस्प प्रेम कहानी इतिहास के पन्नों में दर्ज है। बड़ौदा की राजकुमारी इंदिरा की सगाई महाराजा माधो राव सिंधिया से तय हुई थी, लेकिन 1911 के दिल्ली दरबार में उनका दिल कूच बिहार के छोटे राजकुमार पर आ गया। इंदिरा ने सिंधिया से शादी करने से इनकार कर दिया।
5 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 7:13 AM IST
Princess Indira of Baroda and the Cooch Behar prince love story, defying a fixed marriage with Maharaja Scindia.
AI की मदद से बना प्रतिकात्मक चित्र।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर के सिंधिया राजवंश का इतिहास ऐसी कई दिलचस्प पारिवारिक कहानियों से भरा पड़ा है, जिन्हें राजवंश से जुड़ी हस्तियों ने ही सार्वजनिक किया है। ऐसी ही एक कहानी है महाराजा माधो राव जी सिंधिया (माधव राव सिंधिया प्रथम) की। इनकी शादी के कई साल बाद भी वंश चलाने वाला कोई वारिस पैदा नहीं हो पाया था। तब उन्होंने दूसरी शादी की, जिससे उन्हें दो बच्चे हुए। उनकी दूसरी शादी की कहानी कुछ अलग ही है। इससे बड़ौदा की राजकुमारी इंदिरा के प्यार की जंग की कहानी भी जुड़ी है।

महाराजा माधो राव की शादी 1891 में 2 जनवरी को हुई थी। लेकिन, वह पिता नहीं बन पाए थे। तब 1913 में 8 मई को उन्होंने दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी के रूप में उन्होंने पहले बड़ौदा के महाराज सयाजीराव गायकवाड़ तृतीय की इकलौती बेटी इंदिरा को चुना था। इंदिरा के माता-पिता ने हामी भर दी थी। दोनों की शादी तय हो गई थी। यह बात 1910 की है। लेकिन, शादी होने से पहले, 1911 में इंदिरा माता-पिता के साथ 'दिल्ली दरबार' में शामिल होने दिल्ली गईं। वहां उन्हें कूच बिहार के छोटे राजकुमार से प्यार हो गया। वहां से लौटते ही उन्होंने सिंधिया को खत लिख कर शादी से इनकार कर दिया था। वह वैसे भी उनसे शादी को लेकर दिल से खुश नहीं थीं, क्योंकि दोनों की उम्र में 22 साल का अंतर था।

सिंधिया खानदान पर एक नजर।

मंगेतर के इनकार पर सामान्य रहे महाराज, राजकुमारी के परिवार में मच गया बवाल

इस इनकार पर इंदिरा के घर में बहुत बवाल और बाहर खूब चर्चा हुई, लेकिन माधो जी ने इसे प्रतिष्ठा का सवाल नहीं बनाया और बड़े सामान्य तरीके से लिया। उन्होंने चिट्ठी लिख कर भी बड़ौदा महाराज को भरोसा दिला दिया कि उनके मन में कोई वैर नहीं है। उन्हें वारिस की जरूरत थी। इसलिए उन्होंने दूसरी पत्नी की तलाश जारी रखी। गजरा राजे सिंधिया उनकी दूसरी रानी बनीं। उन्होंने दो बच्चों को जन्म दिया। पहली संतान बेटी मैरी कमला राजे थी। राजा की वारिस की चाह अब भी पूरी नहीं हुई थी, लेकिन उम्मीद खत्म नहीं हुई थी। 26 जून, 1916 को बेटा जॉर्ज जीवाजी राव सिंधिया के जन्म के साथ यह उम्मीद भी पूरी हो गई। जीवाजी राव सिंधिया ने 1925 से 1961 तक राजा रहे। उनकी बहन मैरी कमला राजे सिंधिया कभी मां नहीं बन सकी थीं। 1934 में उनका निधन हो गया था।

ब्रिटिश राजा-रानी के नाम पर ग्वालियर के राजकुमार-राजकुमारी के रखे गए नाम

माधो जी ने अपने बच्चों के नाम ब्रिटिश राजा और रानी के नाम पर रखे थे। ब्रिटिश राज परिवार से उनकी बड़ी करीबी थी। रिश्ते को और मजबूती व ब्रिटिश राजा-रानी को सम्मान देने के लिए उन्होंने अपने बच्चों के नाम के साथ किंग जॉर्ज और क्वीन मैरी का नाम जोड़ा था। यहां बताते चलें कि सिंधिया खानदान में एक बार और वंश आगे चलने पर संकट आया था। यह महादजी सिंधिया का दौर था, जिन्होंने 1761 से 1794 तक शासन किया था। उनकी नौ रानियों में से किसी से संतान नहीं हुआ। तब महादजी ने भतीजे दौलत राव को गोद लिया था, जिन्होंने 1794 में गद्दी संभाली और 1827 तक राज किया।

वर्षसिंधिया खानदान के मुख्य प्रतिनिधि मुख्य प्रतिनिधि से जुड़ी मुख्य बात
1731 – 1745राणोजी राव सिंधियासिंधिया राजवंश के संस्थापक। पेशवा बाजीराव प्रथम के समय मालवा क्षेत्र में मराठा साम्राज्य का विस्तार किया और उज्जैन को अपनी राजधानी बनाया।
1745 – 1755जयप्पा राव सिंधियाराणोजी राव के ज्येष्ठ पुत्र। उन्होंने मारवाड़ (राजस्थान) और उत्तर भारत में अभियानों का नेतृत्व किया।
1755 – 1761दत्ताजी राव सिंधियाजयप्पा राव के भाई। अहमद शाह अब्दाली के खिलाफ उत्तर भारत में मराठा सेना का नेतृत्व करते हुए 1760 में नजीबाबाद के युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए।
1761 – 1794महादजी सिंधिया (महादजी शिंदे)राजवंश के सबसे प्रतापी शासक। पानीपत के तृतीय युद्ध (1761) के बाद मराठा शक्ति को पुनर्गठित किया, मुगल सम्राट शाह आलम द्वितीय को संरक्षण दिया और दिल्ली पर नियंत्रण स्थापित किया।
1794 – 1827दौलत राव सिंधियामहादजी के दत्तक उत्तराधिकारी। उन्होंने 1810 में राजधानी को उज्जैन से स्थानांतरित करके ग्वालियर स्थापित किया। द्वितीय व तृतीय आंग्ल-मराठा युद्ध इन्हीं के दौर में हुए।
1827 – 1843जनकोजी राव सिंधिया द्वितीयदौलत राव की महारानी बैजा बाई के संरक्षण के बाद गद्दी पर बैठे।
1843 – 1886जयजीराव सिंधिया1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के समय ग्वालियर के महाराजा। उनके काल में जय विलास महल (Jai Vilas Palace) का निर्माण हुआ।
1886 – 1925माधवराव सिंधिया प्रथमग्वालियर रियासत के आधुनिकीकरण का श्रेय (रेलवे, सिंचाई परियोजनाएं और प्रशासनिक सुधार)।
1925 – 1961जीवाजीराव सिंधियाग्वालियर रियासत के अंतिम अंतिम शासक महाराज। 1947 में भारत में विलय पत्र पर हस्ताक्षर किए और मध्य भारत (मध्य प्रदेश का पूर्व रूप) के प्रथम 'राजप्रमुख' बने।
1931 – 2006राजमाता विजयाराजे सिंधियाजीवाजीराव की पत्नी। जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की संस्थापक सदस्यों में से एक; स्वतंत्रता उत्तर भारतीय राजनीति की प्रमुख हस्ती।
1945 – 2001माधवराव सिंधियाजीवाजीराव के पुत्र। वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री व नागरिक उड्डयन मंत्री।
1971 – वर्तमानज्योतिरादित्य सिंधियामाधवराव सिंधिया के पुत्र। वर्तमान में भारत सरकार में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री (नागरिक उड्डयन व दूरसंचार मंत्रालय)।
1995 – वर्तमानमहाआर्यमन सिंधियाज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र (अगली पीढ़ी के प्रतिनिधि)।

माधो जी राव सिंधिया की हो गई दूसरी शादी, पर इंदिरा के प्रेम पर लगा पहरा

बहरहाल, महाराज माधो जी राव सिंधिया मंगेतर का इनकार भूल कर अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ चुके थे। लेकिन, राजकुमारी के परिवार में तूफान थम नहीं रहा था। कूच बिहार के छोटे राजकुमार से बड़ौदा की राजकुमारी की शादी हो, यह किसी को गंवारा नहीं हो रहा था। कूच बिहार की बड़ौदा रियासत के सामने कोई हस्ती नहीं थी। फिर, राजकुमार भाइयों में छोटे थे, तो वह कभी राजा नहीं बन सकते थे। उनकी जाति भी अलग थी। बड़ौदा महाराज को इन सबसे ज्यादा कुछ और बात ही अखर रही थी। उनकी नजर में कूच बिहार के राजपरिवार का घरेलू माहौल अंग्रेजीयत से प्रभावित था। इन सब कारणों से राजकुमारी को हिदायत दी गई कि वह राजकुमार से बातचीत या मिलना-जुलना बंद कर दें।

दोनों के प्यार पर कड़ा पहरा लग गया। लेकिन, राजकुमारी मानी नहीं। दो साल तक वह छुप-छुप कर राजकुमार को खत लिखती रहीं और मौका निकाल कर मिलती भी रहीं। बड़ौदा महाराज अक्सर गर्मियों में लंदन जाया करते थे। राजकुमारी भी साथ होती थीं। पीछे-पीछे राजकुमार भी पहुंच जाते थे। वहां मौका निकाल कर दोनों मिला करते थे।

अंत में इज्जत के डर से मिली इजाजत

राजकुमारी का छुप-छुप कर प्यार और माता-पिता का सख्त इनकार चलता रहा। दोनों में से कोई पीछे हटने को तैयार नहीं था। 1913 में जब महाराज लंदन जा रहे थे तो बंबई में कूच बिहार के राजकुमार को बुलाया गया। उन्हें सख्त लहजे में राजकुमारी से शादी की बात दिमाग से निकाल देने की हिदायत दी गई।

राजकुमार भी निराश हो गए। लेकिन, फिर ऐसा कुछ हुआ कि निराशा खुशी में बदल गई। बड़ौदा महाराज जब लंदन गए तो उन्हें कुछ अफवाहें सुनने को मिलीं। उन्हें शक हुआ कि उनकी बेटी अपने प्रेमी राजकुमार के साथ भाग सकती है। उन्हें लगा कि ऐसा हुआ तो बड़ी बदनामी होगी। तब उन्होंने अपनी जिद छोड़ देने का फैसला किया। उन्होंने दोनों की शादी का रास्ता तो साफ कर दिया था, लेकिन इसमें शरीक होने से इनकार कर दिया था। महाराज ने बेटी को लंदन में अपने एक दोस्त सर मिर्जा अली बेग के यहां भेज दिया, ताकि वह उन्हीं के यहां शादी कर सके।

Updated on:
27 Nov 2026, 7:13 AM IST
Published on: