राष्ट्रीय

‘झालमुड़ी मैने खाई, मिर्ची टीएमसी को लगी’, चुनाव के बीच पीएम मोदी ने ममता सरकार पर बोला हमला

Bengal Election: पश्चिम बंगाल के पहले चरण के मतदान के दौरान राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पीएम मोदी ने कृष्णनगर की रैली में ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि झालमुड़ी तो मैने खाई है लेकिन मिर्ची टीएमसी को क्यो लग रही है।

2 min read
Apr 23, 2026
PM Modi
जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी (फोटो- पीटीआई एक्स पोस्ट)

Bengal Election: पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान की शुरुआत हो चुकी है और इसी के साथ राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। आज 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे है जिसके बाद बाकी बची सीटों पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा। मतदान शुरू होने के बाद भी नेताओं के एक दूसरे पर हमले जारी है। राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए एक दूसरे के खिलाफ बयान देते नजर आ रही है। इसी कड़ी में पीएम मोदी का भी एक बड़ा बयान सामने आया है। पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर हमला बोला। पीएम ने कहा कि झालमुड़ी तो मैने खाई है लेकिन मिर्ची टीएमसी को क्यो लग रही है।

विजय संकल्प सभा के दौरान दिया बयान

गुरुवार को कृष्णनगर में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यह बया दिया है। पीएम मोदी ने इस दौरान जमकर ममता सरकार पर और उनकी नीतियों की आलोचना की। इसी दौरान पीएम ने झालमुड़ी खाने वाला यह बयान दिया। बता दें कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान एक दुकान से झालमुड़ी खाई थी जिसे लेकर काफी चर्चा हुई थी। बीजेपी ने इसे जहां पीएम की उदारता बताया वहीं टीएमसी ने इसे वोट हासिल करने का जरिया करार दिया था।

सीएम ममता ने बताया था ड्रामा

सीएम ममता बनर्जी की भी इस मामले पर प्रतिक्रिया सामने आई थी। सीएम ममता ने पीएम मोदी की आलोचना करते हुए कहा था कि यह सब सिर्फ नाटक है, झालमुड़ी की दुकान में माइक लगा दिया, फिर एसपीजी से झालमुड़ी बनवाई ताकि एक ड्रामा रचा जा सके। कभी चुनाव के समय वह गुफा में चले जाते है कभी खुद को चायवाला बताते है। उन्होंने दस रुपये निकाल कर झालमुड़ी खाई, जरा सोचिए। वह झालमुड़ी पहले से ही उनके लिए तैयार की गई थी, अगर ऐसा नहीं था, तो दुकान के अंदर कैमरा क्यों लगाया गया था। उनसे पूछिए, सब ड्रामा है।

इस बार मतदान का रिकॉर्ड बनाया जाए - पीएम

सीएम ममता के इसी बयान पर पलटवार करते हुए अब पीएम मोदी ने कहा कि झालमुड़ी तो मैंने खाई थी पर मिर्च टीएमसी को क्यों लगी। पीएम ने यह भी कहा कि चार मई को मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी खाई जाएगी। जनसभा के दौरान पीएम ने कहा कि राज्य में पहले चरण की वोटिंग चल रही है और वह सभी मतदाताओं का अभिनंदन करते है। इसी के साथ पीएम ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की भी अपील की और कहा कि इस बार मतदान का रिकॉर्ड बनाया जाना चाहिए।

Published on:
23 Apr 2026 01:59 pm