राष्ट्रीय

बंगाल में अमित शाह, ममता बनर्जी और राहुल गांधी ने भरी हुंकार: एक तरफ AIIMS, IIT-IIM बनाने पर जोर, दूसरी तरफ आरोपों की बयार

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी संग्राम चरम पर है। बंगाल की सत्ताधारी पार्टी TMC, बीजेपी और कांग्रेस ने बंगाल चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है। सभी राजनीतिक दल वोटर्स को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं।
2 min read
Apr 15, 2026
Amit Shah, Mamata Banerjee and Rahul Gandhi address public rally
अमित शाह, ममता बनर्जी और राहुल गांधी (फाइल फोटो)

West Bengal Assembly Elections 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के गंगारामपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया इस दौरान उन्होंने TMC पर जमकर कटाक्ष किया और जनहित के लिए बड़े वादे किए। अमित शाह ने चुनावी रैली में बाबरी-शैली की मस्जिद का मुद्दा उठाया। उन्होंने TMC से निष्कासित नेता एवं AJUP चीफ हुमायूं कबीर के बयान पर भी करारा पलटवार किया।

बंगाल के लिए अमित शाह ने किए कई बड़े वादे

चुनावी रैली में अमित शाह ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो बंगाल में बाबरी-शैली की मस्जिद नहीं बनने दी जाएगी। शाह ने AJUP चीफ हुमायूं कबीर पर आरोप लगाया कि यह सब ममता बनर्जी की सहमति से हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर ऐसी किसी भी योजना को रोका जाएगा।

उत्तर बंगाल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गृह मंत्री ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर यहां AIIMS, 600 बेड का आधुनिक कैंसर अस्पताल, IIT, IIM और युवाओं के लिए अन्य उच्च शिक्षा संस्थान स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने दार्जिलिंग से सुंदरबन तक राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की घोषणा की। गोरखा/दार्जिलिंग पहाड़ी इलाके की मांग पर उन्होंने आगे कहा कि बंगाल को बांटे बिना ही संवैधानिक तरीके से इसका समाधान किया जाएगा।

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं TMC अध्यक्ष ममता बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर ने चुनावी सभा को संबोधिक किया। इस दौरान ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली को पक्षपातपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी शब्द चुनाव आयोग के आधिकारिक दस्तावेजों में मान्य नहीं है, फिर भी इसे केवल पश्चिम बंगाल में ही इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसा नहीं हुआ है। ममता ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए की जा रही है।

ममता बनर्जी ने बीजेपी को बताया 'डर्टी पार्टी'

ममता बनर्जी ने भाजपा को 'डर्टी पार्टी' बताया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि चुनाव में भाजपा को हराकर जवाब दें। ममता ने कहा कि भाजपा ने जनता से सब कुछ छीन लिया है और वोट के जरिए ही इसका बदला लिया जा सकता है। इसके साथ ही ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा रेलवे कनेक्टिविटी वाले इलाकों में रैलियां करके बाहर से लोगों की भीड़ जुटा रही है।

BJP-RSS और TMC पर भड़के राहुल गांधी

राहुल गांधी ने मालदा और रायगंज में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने BJP-RSS और TMC पर भड़ास निकाली। राहुल गांधी ने BJP-RSS पर लोकतंत्र व संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस संस्थानों में अपने लोगों को बैठाकर और वोट प्रक्रिया में हस्तक्षेप करके लोकतांत्रिक ढांचे को नुकसान पहुंचा रही है। राहुल गांधी ने SIR (Special Intensive Revision) के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने को असंवैधानिक और वोट चोरी बताया।

राहुल गांधी का आरोप- वादे पूरे नहीं कर पाई TMC सरकार

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को देशहित के खिलाफ करार दिया। राहुल गांधी ने कहा कि भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते से छोटे उद्योग बंद होंगे, रोजगार प्रभावित होगा और डेटा सुरक्षा कमजोर होगी। ममता बनर्जी सरकार पर भी निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है, लेकिन सरकार अपने वादे पूरे नहीं कर पाई। उन्होंने नफरत की राजनीति के खिलाफ मोहब्बत की राजनीति और एकता का संदेश दोहराया।

Updated on:
15 Apr 2026 03:13 am
Published on:
15 Apr 2026 03:13 am