पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) के पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। बंगाल चुनाव (Bengal Elections) से ठीक पहले बीजेपी ने ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) सरकार पर तीखा हमला बोला है और कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को और दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। बंगाल में पहले चरण के मतदान से ठीक पहले बीजेपी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। बीजेपी ने पहले चरण के मतदान से पहले ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां कीं और वोटर्स को अपने पाले में लाने के लिए तमाम प्रकार के चुनावी वादे और दावे किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रविवार को बांकुड़ा के बिष्णुपुर, पुरुलिया, झारग्राम और मेदिनीपुर में 4 रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने TMC पर तीखा हमला बोला।
PM मोदी ने झारग्राम में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। मोदी ने कहा- 15 साल में बंगाल में हालात बदतर हो गए हैं। बंगाल में न पढ़ाई, न कमाई, न दवाई और न सिंचाई है। उन्होंने आगे कहा कि यहां भ्रष्टाचारों की सरकार है। चुनावी सभा में पीएम मोदी ने घुसपैठ, भ्रष्टाचार, बिजली संकट और आदिवासी क्षेत्रों की उपेक्षा के मुद्दे उठाते हुए जनता से भाजपा सरकार बनाने की अपील की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन (BJP President Nitin Naveen) ने रायगंज में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने 'अभी नहीं तो कभी नहीं' का नारा दिया। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा- 4 मई बंगाल के लिए नई शुरुआत होगी। बंगाल में घुसपैठियों का समर्थन करने वाली सरकार का अंत होने वाला है। वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने जलपाईगुड़ी में जनसंपर्क अभियान चलाकर डबल इंजन सरकार की वकालत की। उन्होंने तुष्टीकरण, अवैध घुसपैठ और कानून-व्यवस्था को लेकर ममता सरकार पर निशाना साधते हुए बदलाव का दावा किया। तीनों नेताओं के दौरे से राज्य में चुनावी मुकाबला और तेज हो गया है।