
Bengaluru Murder Case Update: बेंगलुरु। बेंगलुरु में पत्नी समेत उसके परिवार के सात लोगों की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी ने अपनी पत्नी सुनीता समेत उसके परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने की बात कबूल की है। इनमें सात साल का एक बच्चा भी शामिल है। मृतकों की पहचान सुनीता, उसकी मां रूपवती, भाइयों शिवकुमार और शंकर, दोनों भाइयों की पत्नियों दिव्या और शंकर के सात वर्षीय बेटे पुनीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अब तक केवल पुनीत का शव बरामद हुआ है। बाकी शवों की तलाश की जा रही है।
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमन कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने पूछताछ में दावा किया है कि उसने 15 से 20 दिनों के भीतर इन हत्याओं को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस उसके दावों का सत्यापन कर रही है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्यों से कई दिनों तक संपर्क नहीं होने पर रिश्तेदारों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस को आरोपी पर शक हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीमन कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने रिश्तेदारों को एक-एक करके घर बुलाता था और उनकी हत्या करने के बाद शवों को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा देता था।
आरोपी ने जिन स्थानों की जानकारी दी है, वहां संबंधित जिलों की पुलिस टीमों के साथ मिलकर तलाशी और सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह परिवार के भीतर हुआ बेहद गंभीर अपराध है। इसमें एक नाबालिग बच्चे समेत सात लोगों की हत्या की गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच सुनीता के बार-बार मायके जाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। रिश्तेदारों ने कई बार दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
आरोप है कि इंदुशेखर अपनी पत्नी को उसकी मां और भाइयों से मिलने-जुलने तथा उनसे मिलने वाले समर्थन से नाराज रहता था। इसी घरेलू विवाद के चलते उसने पत्नी के परिवार को निशाना बनाया। आरोपी का दावा है कि उसे पत्नी के मायके पक्ष की ओर से अपमानित किया जाता था। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी इंदुशेखर कैब ड्राइवर है और उसके खिलाफ पहले चेन स्नैचिंग का एक मामला भी दर्ज हो चुका है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्याओं को बेंगलुरु के श्रीरामपुरा इलाके में बाश्यम सर्कल के पास स्थित उसके घर में अंजाम दिया गया। यह इलाका राजाजीनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग जिलों में शवों की तलाश कर रही है। अब तक एक शव मिला है, जबकि छह अन्य शव बरामद किए जाने बाकी हैं।
कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियंक खरगे ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि परिवार के भीतर ही इस वारदात की पहले से योजना बनाई गई थी। खरगे के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी के परिवार के सात लोगों की हत्या की है। उसने पूछताछ में पत्नी के मायके पक्ष की ओर से अपमानित किए जाने की बात कही है। आरोपी ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में शवों को ठिकाने लगाने की जानकारी भी दी है। मंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती बाकी छह शवों को बरामद करना और हत्याकांड में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट करना है।