
Bengaluru Crime News: बेंगलूरु में एक महिला की हत्या कर उसके शव के टुकड़े करने और उन्हें प्लास्टिक की बोरी में भरकर कचरे में फेंकने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान जक्कूर निवासी सुजाता (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में चिकबल्लापुर निवासी फैयाज पाशा (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कुछ माह पहले फैयाज पाशा ने सुजाता की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े कर दिए थे।
इसके बाद शव के टुकड़ों को प्लास्टिक की बोरी में भरकर कोडिगेनहल्ली गांव में मारुति मंदिर के पास कचरे में फेंक दिया था। एक कचरा बीनने वाले ने जब बोरी खोली तो उसमें महिला के शव के टुकड़े मिले। उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को शव के साथ मिले कपड़ों की जेब से आधार पहचान पत्र मिला, जिसके आधार पर मृतका की पहचान सुजाता के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
इसमें फैयाज पाशा और सुजाता कई बार एक साथ घूमते हुए दिखाई दिए। इस आधार पर पुलिस ने यलहंका निवासी फैयाज पाशा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने सुजाता की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पति की मौत के बाद सुजाता अकेली रहती थी और उसके फैयाज पाशा के साथ संबंध थे। इसी बीच सुजाता किसी अन्य युवक के साथ घूमने लगी थी। इस बात से नाराज होकर फैयाज पाशा ने उसकी हत्या कर दी। कोडगेनहल्ली थाने के पुलिस निरीक्षक मुत्तूराज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मडिवाला थानांतर्गत टीचर्स कॉलोनी के पास कार की टक्कर से श्याम (32) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सड़क के बीच पड़े पत्थर को हटाने के लिए श्याम ने अपनी बाइक रोकी थी और पत्थर हटाने लगे थे। इसी दौरान तेज गति से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल श्याम ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मडिवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।