
Bengaluru Murder Case: बेंगलुरु में एक ही परिवार के सात लोगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार कैब ड्राइवर इंदुशेखर ने पूछताछ में चौंकाने वाला दावा किया है। आरोपी के मुताबिक, उसकी पत्नी उसे अक्सर 'निकम्मा आदमी' कहकर ताने देती थी। उसका दावा है कि पत्नी के साथ-साथ ससुराल वाले भी करीब 20 साल से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। हालांकि, मृतकों के परिजनों ने आरोपी की बातों को खारिज करते हुए हत्याओं के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई है।
बेंगलुरु में पत्नी समेत परिवार के सात सदस्यों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कैब ड्राइवर इंदुशेखर ने पुलिस पूछताछ में अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई बातें बताई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दावा किया कि उसकी पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता था। विवाद के दौरान पत्नी उसे 'निकम्मा आदमी' कहकर अपमानित करती थी। आरोपी का यह भी कहना है कि जब भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होता था, पत्नी के परिवार वाले हमेशा उसका पक्ष लेते थे। उसने पुलिस को बताया कि वह करीब 20 साल से पत्नी और ससुराल वालों की मानसिक प्रताड़ना झेल रहा था। हालांकि, ये सभी बातें फिलहाल आरोपी के दावे हैं और पुलिस इनकी जांच कर रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, इंदुशेखर ने परिवार के सदस्यों को मटन की दावत देने के बहाने अपने किराए के मकान पर बुलाया था। आरोप है कि उसने खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। सभी के बेहोश होने के बाद उसने सिलबट्टे और दूसरे तरीकों से उन पर हमला किया। पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद उसने शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। इंदुशेखर पिछले आठ साल से बेंगलुरु के भाष्यम सर्कल के पास किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने शवों को ले जाने में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है।
इस मामले में मरने वालों की पहचान आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपावती, दो साले शिवकुमार और शंकर, शिवकुमार की पत्नी दिव्या, उनके बेटे पुनीत और शंकर की पत्नी नलिनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इन सभी की हत्या करीब 15 दिनों के दौरान की गई। पुलिस ने आरोपी को तलाशी अभियान के लिए चिक्कबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स इलाके में भी ले गई थी। वहां से पुनीत का शव बरामद किया गया। बाकी लोगों के शवों की तलाश की जा रही है।
वहीं दूसरी तरफ, मृतकों के रिश्तेदारों ने इंदुशेखर के दावों को खारिज कर दिया है। उनका सवाल है कि अगर आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद था, तो उसने परिवार के बाकी सदस्यों को क्यों निशाना बनाया? परिजनों ने आशंका जताई है कि हत्याओं के पीछे संपत्ति विवाद भी वजह हो सकता है।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्हें दशहरा के दौरान एक संदेश मिला था। इसमें बताया गया था कि पूरा परिवार तीन दिन के लिए होगेनक्कल घूमने जा रहा है और किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। इसी वजह से शुरुआत में किसी को अनहोनी का शक नहीं हुआ। रिश्तेदारों ने बताया कि उन्होंने परिवार से संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। जब वे इंदुशेखर के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद परिवार के लोगों को शक हुआ और मामला सामने आया। आरोपी की बेटी ने भी कथित तौर पर दूसरे रिश्तेदारों को घर बुलाया था। उसने कहा था कि वह अच्छा खाना खाना चाहती है, क्योंकि उसकी मां घूमने गई हुई है।