राष्ट्रीय

जय जगन्नाथ! पुरी से अहमदाबाद तक गूंजे जयकारे, रथों पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा

Jagannath Rath Yatra 2026: पुरी और अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा शुरू। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथ तैयार। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच उमड़ा आस्था का जनसैलाब।
3 min read
Jul 16, 2026
Ahmedabad Jaganth Yatra, Nandighosh chariot, Taladhwaja chariot
पुरी में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब | फोटो सोर्स-ANI

Jagannath Rath Yatra: भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा का शंखनाद हो गया है। इस महापर्व में शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु ओडिशा के पुरी और गुजरात के अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। इस पावन मौके पर भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा रथ पर सवार होकर अपनी मौसी के घर (गुंडिचा मंदिर) के लिए निकलेंगे। वहीं दूसरी ओर, गुजरात के अहमदाबाद में भी भगवान जगन्नाथ की 149वीं वार्षिक रथ यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह है।

भारी बारिश में भी उमड़ी भीड़, सिंहद्वार पर सजे तीनों रथ

पुरी में भारी बारिश के बावजूद भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए भक्तों की उमड़ी भारी भीड़। मौसम खराब होने के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। भगवान जगन्नाथ का रथ 'नंदीघोष', देवी सुभद्रा का 'दर्पदलन' और भगवान बलभद्र का 'तालध्वज' रथ पूरी तरह तैयार हैं।

अमित शाह ने की भगवान जगन्नाथ की मंगला आरती

रथ यात्रा के पावन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। गृह मंत्री ने सुबह-सुबह होने वाली विशेष 'मंगला आरती' में हिस्सा लिया।

'हमसे मिलने आ रहे हैं भगवान'

गुजरात से आए एक भक्त ने खुशी जताते हुए कहा कि जब महाप्रभु खुद मंदिर से बाहर आ रहे हों, तो भला कौन नहीं आएगा। आम दिनों में तो हम भगवान से मिलने मंदिर जाते हैं, लेकिन आज खुद भगवान हमसे मिलने बाहर आ रहे हैं। बस इसीलिए हम यहां आए हैं।

CM भूपेंद्र पटेल रथ खींचने में हुए शामिल, निभाएंगे 'पहिंद विधि'

भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा के पावन मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। इस खास रस्म को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री खुद भगवान का रथ खींचने में शामिल हुए। इसके साथ ही वे पारंपरिक 'पहिंद विधि' की रस्म भी निभाएंगे।

बारिश के बीच ओडिसी नृत्य की धूम

पुरी में भारी बारिश के बीच भी रथ यात्रा का उत्साह फीका नहीं पड़ा। इस पावन मौके पर कलाकारों ने मौसम की परवाह किए बिना भगवान जगन्नाथ की भक्ति में झूमते हुए खूबसूरत ओडिसी नृत्य पेश किया।

धर्मेंद्र प्रधान बोले- खुद दर्शन देने आ रहे महाप्रभु

रथ यात्रा 2026 के इस खास मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज महाप्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र और माता सुभद्रा की पवित्र रथ यात्रा है। कुछ ही देर में भगवान पारंपरिक 'पहांडी' जुलूस के साथ मंदिर से बाहर आकर रथ पर बैठेंगे। महाप्रभु ने खुद जनता को दर्शन देने के लिए यह शुभ दिन चुना है। मैं अभी मंदिर जा रहा हूं और शंकराचार्य जी का आशीर्वाद भी लूंगा। मैं भगवान से प्रार्थना करूंगा कि वे ओडिशा, हमारे देश, पीएम मोदी और सभी नागरिकों पर अपनी कृपा बनाए रखें, ताकि भारत और तरक्की करे।

अहमदाबाद में रथ यात्रा की धूम, बच्चे-बुजुर्ग सब मिलकर कर रहे भंडारा

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रथ यात्रा के माहौल पर खुशी जताते हुए कहा कि अहमदाबाद में उत्सव जैसा माहौल है। यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की भारी भीड़ 'जय जगन्नाथ' के नारे लगा रही है। भक्तों के लिए जगह-जगह प्रसाद तैयार किया जा रहा है और भंडारे आयोजित हो रहे हैं। इस मौके पर विशाल केक भी बनाया गया है। हर तरफ लोग एक-दूसरे को तरह-तरह के व्यंजन खिलाने और इस पावन पर्व को मिलकर मनाने में जुटे हैं।

सिंहद्वार पर सजे तीनों रथ, जुटे कलाकार

पुरी जगन्नाथ मंदिर के मुख्य द्वार (सिंहद्वार) पर आज भव्य रथ यात्रा की शुरुआत से पहले कलाकारों का जमावड़ा लगा हुआ है। भगवान जगन्नाथ का 'नंदीघोष', देवी सुभद्रा का 'दर्पदलन' और भगवान बलभद्र का 'तालध्वज' रथ पूरी तरह सज-धजकर सिंहद्वार के सामने खड़े कर दिए गए हैं। महाप्रभु के दर्शन और उत्सव का आनंद लेने के लिए हजारों भक्त मौजूद हैं।

Updated on:
16 Jul 2026 08:48 am
Published on:
16 Jul 2026 08:04 am