मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण होर्मुज स्ट्रेट से भारत में होने वाली गैस-तेल की सप्लाई बाधित हुई है। ईंधन की सप्लाई बाधित होने की वजह से भारत के लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। इस गंभीर परिस्थिति के बीच 'भारत गैस' ने आम लोगों को बड़ी खुशखबरी दी है।
First LPG Gas ATM: ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी जंग की वजह से पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव है। इस तनाव के कारण प्रभावित हुई ईंधन की सप्लाई का असर भारत में आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। देश में जारी LPG किल्लत के बीच भारत गैस ने उपभोक्ताओं के लिए बड़ा कदम उठाया है।
ये भी पढ़ें
LPG गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने गुरूग्राम में नई व्यवस्था शुरू की है। BPCL ने गैस की किल्लत के बीच गुरुग्राम में देश का पहला LPG एटीएम शुरू किया है। यह ATM गुरुग्राम में सोहना सेक्टर-33 स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में लगाया गया है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने इस सुविधा को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया है। इस ATM पर 24X7 सिलेंडर मिलेगा। खास बात है कि यहां मात्र 2 से 3 मिनट में सिलेंडर रिफिल हो जाएगा। इस अत्याधुनिक मशीन को भारतगैस इंस्टा LPG नाम दिया गया है।
गुरुग्राम में शुरू हुए LPG ATM से कंपोजिट सिलेंडर मिलेगा। यह LPG सिलेंडर वजन में हल्के और फाइबर के बने होते हैं। गैस के साथ सामान्य लोहे के सिलेंडर का वजन करीब 31 किलो होता है, जबकि 14 किलो गैस के साथ कंपोजिट सिलेंडर का वजन करीब 15 किलो होता है। इन सिलेंडरों की बॉडी ट्रांसपेरेंट होती है, जिससे उपभोक्ता आसानी से अंदर मौजूद गैस का लेवल देख सकते हैं। इस व्यवस्था से उपभोक्ता को सिलेंडर के लिए इंतजार नहीं करना होगा।
यह ATM मशीन एक बार में 10 गैस सिलेंडर तक स्टोर कर सकती है। जब मशीन में मौजूद सिलेंडरों की संख्या सिर्फ 2 रह जाती है तो यह अपने आप नजदीकी गैस एजेंसी को अलर्ट भेज देती है, ताकि समय पर नए सिलेंडर की सप्लाई की जा सके। इस ATM मशीन की सबसे खास बात है कि यहां 24 घंटे LPG गैस मिलेगी।
LPG ATM से गैस लेने का तरीका पूरी तरह से डिजिटल और ऑटोमैटिक है। जिन उपभोक्ताओं के पास भारतगैस का कंपोजिट सिलेंडर कनेक्शन है। वे आसानी से गैस सिलेंडर ले सकते हैं। इसके लिए पहले मशीन पर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालें, फिर मोबाइल पर आए OTP से नंबर वेरिफाई करें। खाली सिलेंडर पर लगे बारकोड या QR कोड को स्कैन करें और इसके बाद UPI या डेबिट कार्ड के जरिए पेमेंट कर दें। इस प्रक्रिया के बाद मशीन खाली सिलेंडर को स्टोर कर लेती है और बदले में भरा हुआ सिलेंडर बाहर निकाल देती है। इस पूरी प्रक्रिया में आमतौर पर 2 से 3 मिनट का ही समय लगता है। ATM से गैस रिफिल कराना बहुत आसान और सुविधाजनक है।