बिहार चुनाव में एनडीए 205 सीटों के साथ प्रचंड जीत की ओर है। इस बीच भूपेश बघेल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने निराशा जताई है और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है।
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार महागठबंधन का बेहद खराब प्रदर्शन रहा है। दोपहर 3 बजे तक महागठबंधन सिर्फ 31 सीटों की बढ़त पर था। वहीं, एनडीए रुझानों में 205 सीटों की बढ़त के साथ प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है।
बिहार में महागठबंधन की दुर्दशा देखकर कांग्रेस नेता व छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने निराशा जाहिर करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ, उन्होंने चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया है।
भूपेश बघेल ने कहा- बिहार में इस नतीजे के लिए केवल एक व्यक्ति जिम्मेदार है, वह हैं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार। मैं उन्हें बधाई देता हूं। 65 लाख वोट हटाए गए और 21 लाख वोटर जोड़े गए। ये जादू ज्ञानेश कुमार ने किया है। सारी मेहनत अकेले ज्ञानेश कुमार ने की है। उन्हें बधाई।
उन्होंने आगे यह भी आरोप लगाया कि बिहार चुनाव में धांधली पर धांधली हुई है। भूपेश बघेल के अलावा अन्य विपक्षी नेताओं ने भी महागठबंधन की हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार चुनाव के परिणामों ने एसआईआर के खेल को उजागर कर दिया है। इनकी चुनावी साजिश का अब भंडाफोड़ हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा दल नहीं छल है।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- बिहार में जो खेल एसआईआर ने किया है वो पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और बाकी जगह पर अब नहीं हो पाएगा, क्योंकि इस चुनावी साजिश का अब भंडाफोड़ हो चुका है। अब आगे हम ये खेल इनको नहीं खेलने देंगे। सीसीटीवी की तरह हमारा ‘पीपीटीवी’ मतलब ‘पीडीए प्रहरी’ चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा। भाजपा दल नहीं छल है।
बिहार विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता उदित राज ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा- यह एनडीए की नहीं, बल्कि एसआईआर और चुनाव आयोग की जीत है। इसमें वोट चोरी हुई है। हरियाणा और महाराष्ट्र में इन्होंने वोट चोरी करके सरकार बनाई। बिहार में हमने आखिर तक आपत्ति जताई, लेकिन चुनाव आयोग ने लिखित में नहीं दिया। ऐसे में नतीजे तो ऐसे ही आने ही थे।