
Salman Khan ANDLawrence Bishnoi cousin Ramesh Bishnoi (Photo-IANS)
Tiger Shroff Firing Case : अबोहर (पंजाब)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई का बयान सामने आया है। उन्होंने सलमान खान और उनके परिवार से जिद छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह पूरे समाज का मामला है और बिश्नोई समाज में इसको लेकर गुस्सा है।
रमेश बिश्नोई ने कहा कि उन्होंने भी उस ऑडियो में वही सुना, जिसमें चेतावनी देने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि हमने इसको रोका है और इसको आगे भी आगाह करना चाहते हैं कि जो सलमान खान के साथ काम करेगा, उसका नुकसान संभावित है। उन्होंने सलमान खान के परिवार से कहा कि वे जिद छोड़ दें।
रमेश बिश्नोई ने कहा कि बिश्नोई समाज में इस मामले को लेकर नाराजगी है। उनके मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई भी गुस्से में है, लेकिन सलमान खान से उसकी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है और न ही समाज की कोई व्यक्तिगत लड़ाई है। उन्होंने कहा कि मामला धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से जुड़ा है, जिसे लेकर समाज में काफी रोष है। रमेश बिश्नोई ने कहा कि लॉरेंस ने एक सीधा रास्ता निकाला था कि सलमान खान सामने आकर माफी मांग लें।
वहीं, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग के मामले में शामिल मुख्य संदिग्ध ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने महज 15 मिनट में ट्रेन में घेराबंदी कर तलाशी ली और तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग के रूप में हुई है।
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों की योजना दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल भागने की थी। पुलिस ने उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया। हालांकि, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार अभी बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि हथियार कहां हैं और वारदात के बाद उनका क्या किया गया।
Updated on:
19 Oct 2026 03:14 pm
Published on:
19 Oct 2026 03:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
