
बिहार चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार को नामांकन के आखिरी फेज की प्रक्रिया भी समाप्त हो गई। पहले फेज में कुल 1314 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। हालांकि दूसरे फेज की स्थिति 23 अक्टूबर को क्लियर होगी। एनडीए ने विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) के लिए सीटों का बंटवारा कर दिया है। वहीं महागठबंधन में अब तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। बिहार चुनाव में बीजेपी ने सवर्णों तो राजद ने यादव-मुस्लिमों पर भरोसा जताया है।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने जनता में स्पष्ट संदेश दिया है कि उनके गठबंधन में किसी भी प्रकार की खींचतान नहीं है। प्रदेश में बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिली है। आरएलएम और हम को 6-6 सीटें मिली है।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी और जेडीयू ने 101-101 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। बीजेपी ने सवर्णों पर भरोसा जताया है। पार्टी ने जनरल से 49, ओबीसी से 30, ईबीसी से 10, एसटी-एससी से 12 प्रत्याशियों को टिकट दिया है। वहीं एनडीए की घटक दल जेडीयू ने अति पिछड़ों पर अपना विश्वास जताया है। JDU ने जनरल से 22, ओबीसी से 37, ईबीसी से 22, एसटी-एससी से 16 और चार मुस्लिमों को टिकट दिया है।
राजद ने एमवाई (मुस्लिम-यादव) पर भरोसा जताया है। बिहार में इस बार राजद 143 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जिसमें से 51 यादवों को टिकट दिया है। इसके अलावा 19 मुस्लिम और 14 सवर्णों को भी प्रत्याशी बनाया है। वहीं 11 कुशवाह प्रत्याशियों को टिकट दिया है।
बता दें कि महिलाओं को टिकट देने के मामले में भी राजद सबसे बड़ी पार्टी बनी है। तेजस्वी यादव ने 24 महिलाओं को इस बार टिकट दिया है। इसके अलावा BJP-JDU ने 13-13 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने 5 महिलाओं को टिकट दिया है। वहीं चिराग पासवान ने 6 महिलाओं को टिकट दिए हैं।
महागठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान होने पर अब तक बंटवारा नहीं हुआ है। महागठबंधन में राजद ने 143, कांग्रेस ने 61, CPI(M) ने 20, CPI ने 9, CPM ने 6 और VIP ने 15 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे है। प्रदेश की कई ऐसी सीटें है, जहां पर महागठबंधन के घटक दलों के बीच फ्रेंडली मुकाबला होगा। बता दें कि प्रदेश की 6 सीटों पर राजद और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने होंगे। इसके अलावा 4 सीटों पर कांग्रेस और सीपीआई के उम्मीदवार आमने सामने होंगे। वहीं दो सीटों पर RJD बनाम VIP में मुकाबला होगा।