
CG News: छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग और कोरबा में 240 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा जाएगा। डिप्टी सीएम व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में नवरात्र के प्रथम दिवस 11 अक्टूबर को कंसेशन एग्रीमेंट हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर के साथ ही चारों निकायों में चलने वाली बसों के रंग और कट-आउट का भी विमोचन किया गया। इन ई-बसों का रंग वंदे भारत ट्रेनों जैसा भगवा हो सकता है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक ई-बस में छह कैमरे लगाने का प्रावधान है। मोबाइल ऐप से बसों के रूट की जानकारी भी मिल सकेगी। इलेक्ट्रिक बसों से कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद मिलेगी। वहीं, चार्जिंग स्टेशन, रखरखाव केंद्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
ई-बस सेवा वाले नगरीय निकायों और चयनित एजेंसी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के बीच कंसेशन एग्रीमेंट कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, दुर्ग महापौर अलका बाघमार और बिरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन मौजूद थे।
नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि शहरों में बढ़ती आबादी और परिवहन की जरूरतों को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन का आधुनिकीकरण आवश्यक है। योजना की सफलता के लिए चार्जिंग व्यवस्था, डिपो, बस-स्टॉप और रखरखाव केंद्र सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास, विभागीय समन्वय और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करना जरूरी है।नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल और चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पंकज गांधी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
Updated on:
12 Oct 2026 03:48 am
Published on:
12 Oct 2026 03:48 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
