Bihar Elections: राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शामिल होने को लेकर विरोध तेज हो गया है।
Bihar Elections: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बुधवार, 27 अगस्त 2025 को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पटना में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का पुतला फूंककर विरोध जताया। BJP ने दोनों नेताओं पर बिहारियों के अपमान का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को बिहार के स्वाभिमान पर हमला बताया। आयकर गोलंबर पर सैकड़ों BJP कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव, स्टालिन और रेवंत के खिलाफ नारे लगाए गए।
BJP के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा, रेवंत रेड्डी ने बिहारियों और सनातन धर्म का अपमान किया, फिर भी कांग्रेस और RJD उन्हें बिहार में घुमा रहे हैं। तेजस्वी यादव को समझना चाहिए कि यह बिहार के सम्मान की बात है। बिहार को अपमानित करने वालों को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्टालिन पर भी DMK नेताओं के पुराने बयानों का हवाला देते हुए निशाना साधा, जिसमें बिहारियों को ‘टॉयलेट साफ करने वाला’ कहा गया था। BJP ने मांग की कि दोनों नेता बिहार की धरती पर माफी मांगें।
राष्ट्रीय लोक जनता दल के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने स्टालिन के यात्रा में शामिल होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, जो लोग अपने राज्य में बिहारियों का अपमान करते हैं, वे आज वोट मांगने बिहार आ रहे हैं। जनता इनके दोहरे चरित्र को समझ रही है। वहीं, बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा, तेजस्वी छोटी-छोटी बातों पर ज्यादा खुश न हों। हाल ही में अटल पथ पर एक मंत्री के काफिले पर हमले के पीछे उनके समर्थकों की साजिश हो सकती है। जांच से सच सामने आएगा।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ 65 लाख मतदाताओं के नाम कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए जाने के विरोध में शुरू हुई है। यात्रा में स्टालिन, रेवंत रेड्डी, प्रियंका गांधी और CPI(ML) के दीपांकर भट्टाचार्य शामिल हुए हैं। BJP ने इसे ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाने का विरोध करते हुए कहा कि यह विपक्ष की हताशा है। यात्रा 1 सितंबर को पटना में समाप्त होगी, और इसके साथ ही बिहार में सियासी तनाव और बढ़ने की संभावना है।