राष्ट्रीय

बिहार चुनाव से पहले चिराग ने अपनी ही पार्टी के महासचिव के खिलाफ लिया बड़ा एक्शन, लोजपा से निकाला

Bihar Elections: लोजपा (रामविलास) ने आधिकारिक पत्र जारी कर मोहम्मद मोतिउल्लाह खान की निष्कासन की घोषणा की। मोतिउल्लाह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने और विपक्षी दलों से संपर्क रखने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
2 min read
Oct 26, 2025
Chirag Paswan
चिराग पासवान। (फोटो-IANS)

Bihar Assembly Elections: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सियासी सरगर्मियां चरम पर हैं, जहां NDA और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। इस बीच, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव मोहम्मद मोतिउल्लाह खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। लोजपा पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है, जो चुनावी माहौल में एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप

लोजपा (रामविलास) ने रविवार आधिकारिक पत्र जारी कर मोहम्मद मोतिउल्लाह खान की निष्कासन की घोषणा की। जमुई जिले के निवासी मोतिउल्लाह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने और विपक्षी दलों से संपर्क रखने का गंभीर आरोप लगाया गया है। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सलीम साहिल ने पत्र जारी किया, जिसमें कहा गया कि मोतिउल्लाह को न केवल प्रदेश प्रधान महासचिव पद से हटाया गया है, बल्कि उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मोतिउल्लाह की गतिविधियों के ठोस प्रमाण मिलने के बाद यह फैसला लिया गया, जो पार्टी की एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में कदम है।

पार्टी में हलचल, जमुई इकाई में असमंजस

इस कार्रवाई के बाद लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं में हलचल मच गई है। कई नेता इसे अनुशासन कायम रखने का जरूरी कदम बता रहे हैं, खासकर जब चुनावी रणनीति अंतिम रूप ले रही है। वहीं, कुछ कार्यकर्ता इसे अचानक और कठोर फैसला मान रहे हैं, जो पार्टी की आंतरिक एकता पर सवाल उठा सकता है। मोहम्मद मोतिउल्लाह लंबे समय से पार्टी से जुड़े थे और पूर्व में जमुई जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनका झुकाव दिवंगत रामविलास पासवान के दौर से ही पार्टी के प्रति रहा, जिससे उनका निष्कासन जमुई इकाई में असमंजस पैदा कर रहा है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता इसकी वजह जानने के लिए पार्टी नेतृत्व से संपर्क कर रहे हैं।

चिराग ने तेजस्वी पर बोला हमला

बिहार चुनाव के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को आरजेडी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी यादव द्वारा बिहार की जनता से मांगे गए 20 महीने के बयान पर पलटवार किया। चिराग ने कहा कि बिहार ने आपको 15 साल दिए थे। इन 15 सालों में आपने, आपके दल ने और आपके परिवार ने जिस तरह से बिहार को बर्बाद करने का काम किया, यही कारण है कि वह दिन है और आज का दिन है, बिहार ने कभी आपको नहीं चुना। चिराग ने कहा कि अगर आप किसी जुगाड़ या समर्थन से सरकार बना लें तो वो अलग बात है, लेकिन बिहार की जनता ने कभी आपको दोबारा मौका नहीं दिया।

Updated on:
26 Oct 2025 10:44 pm
Published on:
26 Oct 2025 10:44 pm