राष्ट्रीय

तीन साल में बिना तलाक तीन शादियां, पुलिस के पकड़ने पर आरोपी ने कहा शादी करना मेरी मजबूरी

गोपालगंज में तीन साल में तीन शादियां करने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहली और दूसरी पत्नी ने उसके खिलाफ मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
2 min read
Dec 26, 2025
Bihar News
पिंटू और उसकी पत्नियां (फोटो- पत्रिका ग्राफिक्स)

बिहार के गोपालगंज जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स को तीन साल में बिना तलाक के तीन शादियां करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान पिंटू वर्णवाल के रूप में हुई है और उसकी पहली और दूसरी पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। पिंटू की पत्नियों ने उस पर दहेज मांगने और मारपीट करने का आरोप लगाया था।

पिंटू ने दोनों पत्नियों के आरोपों को बताया झूठा

पिंटू से जब इन आरोपों के बारे में पूछा गया तो उसने इन्हें सिरे से नकार दिया। उसने दावा किया कि उस पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और उसे बदनाम करने के लिए लगाए गए हैं। पिंटू ने कहा, दहेज के आरोपों को लेकर उन्होंने जो कुछ भी कहा है, वह सब झूठ है। हमने उनसे एक रुपया भी नहीं लिया है। पिंटू ने यह स्वीकार किया कि उसने तीन बार शादी की है लेकिन साथ ही उसने यह भी कहा कि हालातों ने उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया।

पिंटू ने कहा कि उसने मजबूरी में तीन शादियां की

पिंटू के अनुसार उसके घर के हालात ऐसे बन गए थे कि उसके लिए पिछली शादियों को निभाना नामुमकिन हो गया था। पिंटू ने कहा, मेरी मां की उम्र 60 साल है और उन दोनों में से किसी ने भी दो दिन भी खाना नहीं बनाया। बल्कि मैं और मेरी मां उन्हें खाना बना कर खिलाते थे। पिंटू ने अपनी पहली पत्नी खुशबू पर काफी गंभीर आरोप लगाए हैं। पिंटू का कहना है कि उसकी खुशबू के इरादे खतरनाक थे और गांववालों को इसके बारे में जानकारी थी। पिंटू ने आरोप लगाया कि खुशबू उसे और उसकी मां को मारने के लिए चाकू लेकर आई थी।

मां की सेहत के चलते की तीसरी शादी

खुशबू ने पिंटू पर बलात्कार के आरोप भी लगाए हैं जिन्हें उसने झूठा बताया है। पिंटू ने कहा कि उन दोनों के बीच 10 साल की उम्र का अंतर था और उनके बीच कोई शारीरिक संबंध नहीं थे। तीसरी शादी के बारे में सवाल किए जाने पर पिंटू ने अपनी मां की सेहत को इसकी मुख्य वजह बताया। उसने कहा मेरी मां बुजुर्ग और बीमार रहती है। घर पर उनका ध्यान रखने के लिए कोई नहीं है। मैं खाना तक नहीं बना सकता हूं इसलिए मुझे मजबूरी में तीसरी शादी करनी पड़ी।

पुलिस ने पिंटू को किया गिरफ्तार

पिंटू ने कहा कि उसकी तीसरी पत्नी एक साल से घर में रह रही है और उसे कोई शिकायत नहीं है। पिंटू ने आरोप लगाया कि उसकी पहली और दूसरी पत्नी ने मिलकर उसके खिलाफ साजिश रची है। पिंटू की दूसरी पत्नी का आरोप है कि उसे अंधेरे में रखकर शादी की गई थी और जब पिंटू ने तीसरी शादी कर ली तो उसे घर से निकाल दिया गया। मुझे बताए बिना और तलाक दिए बिना पिंटू ने तीसरी शादी कर ली। दोनों पत्नियों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने पिंटू को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

Updated on:
26 Dec 2025 11:36 am
Published on:
26 Dec 2025 11:36 am