Samrat Choudhary next Bihar CM: बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।
Samrat Choudhary statment : बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद मंगलवार को सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। ऐसे में उनके बिहार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह 11 बजे वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं सम्राट चौधरी ने नई जिम्मेदारी के लिए चुने जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।
उन्होंने कहा, '…मेरी जिंदगी में BJP ने मुझे सेवा करने के कई मौके दिए। मैं करीब 30 सालों से एक राजनीतिक कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहा हूं, लेकिन पहले मेरे पास कोई विचारधारा नहीं थी। मैं 2015 से BJP के लिए काम कर रहा हूं… मैं प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, शिवराज सिंह चौहान और पार्टी अध्यक्ष संजय सरावगी को भरोसा दिलाता हूं कि BJP की विचारधारा के तहत हम भारत को सबसे ऊपर रखने और उसे सबसे बेहतरीन मानने, और पार्टी को प्राथमिकता देने का काम लगातार करते रहेंगे। नीतीश कुमार ने बहुत सी बातें सिखाईं, सरकार कैसे चलाई जाती है, बिहार में सुशासन कैसे स्थापित होगा और बिहार में लोकतंत्र के लिए क्या अच्छा है… PM मोदी का 'विकसित भारत' का सपना और नीतीश कुमार का 'समृद्ध बिहार' का सपना - हम मिलकर बिहार को समृद्ध और देश को विकसित बनाएंगे…'
बिहार के नए सीएम बनाए जाने पर सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं।'
वहीं एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, 'राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी शीर्ष नेतृत्व एवं विधानमंडल दल के सभी सम्मानित सदस्यगण द्वारा मुझ पर जताए गए विश्वास और बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने के लिए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। मैं पूर्ण समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी के साथ बिहार की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार के अनुभवी मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए शिखर तक पहुंचाने हेतु निरंतर कार्य करता रहूंगा। आप सभी का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।