
Bhojpuri Singer Gunjan Singh: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिली है। दोनों ने सोमवार को अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। अदालत से बाहर आने के बाद दोनों ने खुद को बेगुनाह बताते हुए न्यायपालिका पर भरोसा जताया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में 2-3 मई की रात हुई एक घटना से जुड़ा है। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत अनंत सिंह और गुंजन सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसी मामले में दोनों सोमवार को अदालत में सशरीर उपस्थित हुए और आत्मसमर्पण की अर्जी दाखिल की।
आत्मसमर्पण के बाद अदालत में मामले की नियमित सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष ने अपनी-अपनी दलीलें रखीं। दोनों पक्षों की दलीलों और उपलब्ध तथ्यों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने अनंत सिंह और गुंजन सिंह को जमानत दे दी। जमानत की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों अदालत से बाहर आए। इस दौरान गोपालगंज के भाजपा एमएलसी राजीव कुमार और जिला परिषद अध्यक्ष अमित कुमार भी उनके समर्थन में मौजूद रहे।
अदालत से राहत मिलने के बाद अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है। उन्होंने न्यायपालिका का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही अदालत पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा कि हम पूजा करने आए थे, कोर्ट में भी कुछ काम था, तो वह भी कर लिया। हम लोगों की कोई गलती नहीं थी। बेल मिल गई।
भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने भी अदालत के फैसले पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और अदालत से न्याय मिला। उन्होंने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। हम लोगों को जमानत मिल गई। दादा (अनंत सिंह) और हम लोग पूजा करने आए थे, सोचा कोर्ट का काम भी कर लें। इसमें हमारी कोई गलती नहीं है। हमें शुरू से ही न्यायालय पर भरोसा था और न्याय मिला।