राष्ट्रीय

बीजेपी-अकाली दल के गठबंधन पर पीएम मोदी ने अटल-आडवाणी को क्यों किया याद? जीत का भी कर दिया दावा

Punjab Politics: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा और अकाली दल ने छह साल बाद गठबंधन किया है। इसके बाद पीएम मोदी ने अटल-आडवाणी को याद किया, अमित शाह ने बताया कौन होगा बड़ा भाई और CM फेस।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 4:34 PM IST
BJP
पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-IANS)

BJP-SAD Alliance: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है। करीब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को याद किया।

पीएम मोदी ने गठबंधन को बताया स्वाभाविक


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब और वहां के लोगों का कल्याण दोनों दलों की प्राथमिकता है। मोदी ने यह भी कहा कि शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हुई है।

पीएम मोदी के मुताबिक, भाजपा और अकाली दल का गठबंधन स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल ने इस गठबंधन को मजबूत बनाया था। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पसंद बनेगा और राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली जनहितैषी सरकार बनाने में मदद करेगा।

अमित शाह ने बताया कौन होगा गठबंधन में बड़ा भाई


दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में गठबंधन की घोषणा के लिए संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। अमित शाह ने अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों दलों के संबंध पुराने और मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के समय से चला आ रहा है।

सीटों के बंटवारे और नेतृत्व को लेकर शाह ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाने वाले दल के पास ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा होगा।

2020 में कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था गठबंधन


भाजपा और अकाली दल का गठबंधन साल 2020 में टूट गया था। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में शिरोमणि अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। अब पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों ने फिर साथ आने का ऐलान किया है।

Updated on:
24 Nov 2026, 4:34 PM IST
Published on: