
Maharashtra MLC Election 2026: पुणे स्नातक सीट पर भाजपा के उम्मीदवार को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है। पार्टी ने स्मिता योगेश जाधव को आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है, लेकिन टिकट कटने के बावजूद शरद लाड ने सोमवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल कर दिया। लाड के इस कदम से भाजपा के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल खुलकर सामने आ गई है। विधान परिषद की तीन सीटों के लिए भाजपा ने रविवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। नागपुर स्नातक सीट से सुधाकर कोहले और पुणे शिक्षक सीट से कौस्तुभ गावड़े को उम्मीदवार बनाया गया।
वहीं पुणे स्नातक सीट से शरद लाड का नाम लगभग तय माना जा रहा था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण इच्छुक उम्मीदवारों के नाम लेकर दिल्ली पहुंचे थे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद लाड की जगह स्मिता जाधव के नाम पर मुहर लगाई गई। लाड पिछले कई महीनों से पुणे स्नातक सीट के लिए तैयारी कर रहे थे। उन्होंने चुनाव को लेकर अपने स्तर पर काफी सक्रियता भी बढ़ाई थी। ऐसे में अचानक उनका टिकट कटने से पार्टी के भीतर और राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई।
टिकट नहीं मिलने के बाद भी लाड सोमवार को नामांकन दाखिल करने के लिए संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंच गए। वहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी ने ही नामांकन दाखिल करने के लिए कहा है। लाड के इस बयान के बाद भाजपा के भीतर चल रही गतिविधियों को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं। लाड ने नामांकन दाखिल करने से पहले इस मामले पर ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि नामांकन दाखिल करने के बाद वह पूरे मामले पर विस्तार से बात करेंगे।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि लाड का नामांकन पार्टी की रणनीति का हिस्सा है या फिर इसके पीछे कोई दूसरा राजनीतिक समीकरण है। इसे पार्टी का वैकल्पिक उम्मीदवार रखने की तैयारी माना जाए या कोई और फैसला सामने आएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। अब सबकी नजर नामांकन पत्रों की जांच पर है। इसी प्रक्रिया के दौरान तस्वीर साफ हो सकती है कि पुणे स्नातक सीट पर भाजपा की ओर से अंतिम रूप से कौन मैदान में रहेगा। फिलहाल स्मिता जाधव को आधिकारिक टिकट मिलने और शरद लाड के नामांकन दाखिल करने से पार्टी की स्थिति को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।