राष्ट्रीय

विदेशी मंचों पर भारत को बदनाम कर रहे राहुल गांधी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने साधा निशाना

Nitin Nabin Slams Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘आर्थिक आपदा’ बताए जाने पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और महासचिव तरुण चुघ ने राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाते हुए भारत की आर्थिक प्रगति, बढ़ती प्रति व्यक्ति आय और वैश्विक स्तर पर देश की मजबूत स्थिति का जिक्र किया।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 4:56 PM IST
Nitin Nabin Slams Rahul Gandhi
BJP ने राहुल गांधी पर साधा निशाना (Photo-IANS)

BJP Reaction to Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘आर्थिक आपदा’ बताए जाने पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आर्थिक आपदा देश में नहीं, बल्कि उनके अपने दिमाग में है। नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद को देश का विकास इसलिए दिखाई नहीं देता, क्योंकि उनका परिवार, उनकी पार्टी और वे खुद विकास करने में विफल रहे हैं।

देश में बढ़ रही प्रति व्यक्ति आय- नितिन नवीन

मीडिया से बात करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि विश्व की प्रमुख वित्तीय संस्थाएं भारत की आर्थिक प्रगति को स्वीकार कर रही हैं। देश में प्रति व्यक्ति आय बढ़ रही है और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है, लेकिन राहुल गांधी को यह विकास नजर नहीं आता।

बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था को आपदा बता रहे हैं, जबकि विश्व बैंक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) जैसी संस्थाएं भारत की विकास दर को सकारात्मक मान रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, जबकि उनकी पार्टी लोकतंत्र की बात करती है।

विदेशी मंचों पर भारत को बदनाम करने का आरोप

इस दौरान नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर विदेशों में भारत को बदनाम करने का भी आरोप लगाया है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी देश के भीतर राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने में सफल नहीं हुए तो अब अंतर्राष्ट्रीय मंचों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत में अव्यवस्था फैलाने के लिए विदेशी हितों के औजार के रूप में काम कर रहे हैं। वे भारत में यूरोपीय नजरिया थोपना चाहते हैं, जबकि भारत की अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था और अलग पहचान है। देश की जनता उनकी राजनीति को देख चुकी है और अब दुनिया भी उनकी असफलताओं को देखेगी।

‘राहुल गांधी भारत को इटली के चश्मे से देखते हैं’

वहीं राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख नेता और अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएं भारत को वैश्विक विकास के इंजन के रूप में देख रही हैं, लेकिन राहुल गांधी भारत की वास्तविकता को समझने के बजाय उसे 'इटली के नजरिये' से देखते हैं।

चुघ ने दावा किया कि भारत की तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने राहुल गांधी पर निराशा, हताशा और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक दल से नाराजगी अपनी जगह हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि विदेश जाकर भारत को बदनाम किया जाए। देश की जनता चुनावों में कांग्रेस को कई बार जवाब दे चुकी है।

क्या है पूरा मामला? 

बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि भारत एक गंभीर आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है और शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश के मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले शिक्षित युवाओं में मौजूदा परिस्थितियों को लेकर निराशा बढ़ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

Updated on:
18 Nov 2026, 4:56 PM IST
Published on:
Also Read
View All
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को बताया बेरोजगार, कहा – ‘आपके पास नहीं है कोई काम, विदेश जाकर भारत को करते हो बदनाम’

शायना एनसी ने फाड़ी बाला साहब ठाकरे की तस्वीर ! सुषमा अंधारे बोलीं- ‘दिल्ली की स्क्रिप्ट पर बोलते समय होश नहीं रहा’

‘राहुल गांधी विदेश में यूनिवर्सिटी की पढ़ाई में फेल हो गए तो अर्थव्यवस्था कैसे समझ सकते हैं?’, कांग्रेस सांसद के बयान पर बीजेपी हुई आक्रामक

सिस्टम की गलती से जेल में बर्बाद हुए जवानी के 7 साल, मुआवज़ा चार लाख रुपये सालाना, उठे कई सवाल

‘मुख्यमंत्री को कुछ नहीं पता, वे इसे अनदेखा कर रहे हैं’: कावेरी जल मुद्दे पर स्टालिन ने सीएम विजय पर निशाना साधा