राष्ट्रीय

Surat: शराब की 645 बोतलों के साथ भाजपा महामंत्री गिरफ्तार, बेटा फरार, पार्टी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

Surat liquor case: सूरत में भाजपा के वार्ड नंबर 12 के महामंत्री विजय मोदी के घर से पुलिस ने शराब की 645 बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने विजय को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका बेटा फरार है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 9:43 PM IST
Surat liquor case
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

BJP leader Arrested: सूरत में शराबबंदी के बीच भाजपा के एक पदाधिकारी के घर से विदेशी शराब का बड़ा जखीरा मिला है। लालगेट पुलिस ने छापा मारकर भाजपा के वार्ड नंबर 12 के महामंत्री विजय मोदी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। मौके से शराब की 645 बोतलें बरामद हुई हैं, जबकि विजय का बेटा राज मोदी फरार हो गया। मामले में भाजपा ने विजय मोदी को सात दिन में जवाब देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

छोटी-बड़ी कुल 645 बोतलें मिलीं

पुलिस के अनुसार लालगेट थाना प्रभारी एचजे सोलंकी के मार्गदर्शन में सर्विलांस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि खांड बाजार स्थित एसएमसी पार्किंग के पीछे लक्ष्मीभवन की पहली मंजिल पर रहने वाले विजय मोदी और उसका बेटा राज मोदी घर में विदेशी शराब का भंडारण कर बेचते हैं। उस समय घर की सीढ़ियों के पास शराब की पैकिंग भी की जा रही थी। सूचना पर पुलिस ने मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान विदेशी शराब की अलग-अलग ब्रांड की छोटी-बड़ी कुल 645 बोतलें मिलीं। इनकी कीमत 2 लाख 65 हजार 519 रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से 35 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 3 लाख 519 रुपए आंकी गई है।

बेटा मौके से फरार

पुलिस ने 62 वर्षीय विजय रतिलाल मोदी और बेगमपुरा के तुलसी फलिया निवासी 29 वर्षीय करण राकेशभाई पानवाला को गिरफ्तार किया है। करण हीरा कारीगर है और पुलिस के मुताबिक वह पिता-पुत्र के लिए शराब की पैकिंग और बिक्री का काम करता था। विजय का बेटा राज मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे वांछित घोषित किया है। तीनों के खिलाफ गुजरात नशाबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच पीएसआई एचजे राठौड़ को सौंपी गई है।

बेटे पर पहले से दर्ज हैं 11 मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि फरार राज मोदी के खिलाफ पहले से ही शराब तस्करी के करीब 11 मामले दर्ज हैं। इनमें सूरत के लालगेट, रांदेर, खटोदरा, ओलपाड, पलसाणा और डीसीबी के अलावा नवसारी के मरौली थाने के मामले शामिल हैं। राज के खिलाफ वर्ष 2021 में लालगेट पुलिस और वर्ष 2023 में रांदेर पुलिस ने पासा के तहत भी कार्रवाई की थी। वहीं गिरफ्तार करण पानवाला के खिलाफ भी महिधरपुरा थाने में शराब का मामला दर्ज है।

पार्टी ने सात दिन में मांगा जवाब

शराब के मामले में विजय मोदी का नाम सामने आने के बाद भाजपा में भी चर्चा शुरू हो गई है। विजय सूरत भाजपा के वार्ड नंबर 12 का महामंत्री है। मामला सामने आने के बाद शहर भाजपा अध्यक्ष परेश पटेल ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि मीडिया में खबरों के जरिए शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामले की जानकारी मिली है। इस संबंध में सात दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। तय समय में जवाब नहीं देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। फिलहाल पार्टी ने उसे निलंबित या निष्कासित करने का फैसला नहीं किया है।

Updated on:
24 Nov 2026, 9:43 PM IST
Published on: