
Captain Amarinder Singh BJP: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल 6 साल बाद एक साथ आ गए हैं। इससे चुनाव से पहले सियासी गणित बदल गया है। हालांकि इस गठबंधन के ऐलान के बीच एक नाम की गैरमौजूदगी ने नई चर्चा छेड़ दी है। यह नाम है प्रदेश के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह का।
बता दें कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय से बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन की पैरवी करते आए है। उन्होंने कई मौकों पर दोनों पार्टियों के गठबंधन करने की बात भी कही थी। उनका मानना था कि पंजाब में बीजेपी का जनाधार नहीं है। यदि शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन होता है तो पार्टी को फायदा होगा।
हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बीजेपी-अकाली दल के गठबंधन के ऐलान के समय मंच पर कैप्टन अमरिंदर सिंह मौजूद नहीं थे। इसके अलावा उन्हें चुनाव समिति में भी शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर को लेकर एक बार फिर से चर्चा तेज हो गई है।
ऐसे में कई सवाल उठते है कि आखिर बीजेपी में कैप्टन अमरिंदर सिंह की भूमिका क्या रह गई है? क्या पार्टी में उन्हें अपेक्षित तवज्जो नहीं मिल रही है या फिर इसके पीछे कोई राजनीतिक रणनीति है? आइए, पूरे घटनाक्रम को समझते हैं।
पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन का पुराना इतिहास रहा है। दोनों पार्टियों ने करीब दो दशक तक मिलकर चुनाव लड़े और केंद्र और प्रदेश की सत्ता में भागेदारी की।
हालांकि मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में सितंबर 2020 में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया। इसके बाद 2022 विधानसभा चुनाव और 2024 लोक सभा चुनाव दोनों पार्टियों ने अलग-अलग लड़ा। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
अब आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों ने फिर साथ आने का ऐलान किया है। 24 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा की। इस दौरान दोनों पार्टियों के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह नजर नहीं आए।
यह गैरमौजूदगी इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जब बीजेपी की ओर से पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कही जा रही थी, तब कैप्टन लगातार अकाली दल के साथ गठबंधन की जरूरत बताते रहे थे।
पंजाब की राजनीति में कैप्टन अमरिंदर सिंह बड़ा चेहरा रहे हैं। वे प्रदेश के सीएम भी रह चुके हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की थी। हालांकि 2021 में कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस बनाई और 2022 में बीजेपी में शामिल हो गए।
बीजेपी मे आने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह का पंजाब की राजनीति में अनुभव और अकाली दल के साथ पुराने राजनीतिक समीकरणों को लेकर समझ अहम मानी जाती रही है।
उन्होंने कई मौकों पर कहा था कि पंजाब में बीजेपी और अकाली दल एक साथ रहते हैं तो फायदा हो सकता है। ऐसे में जिस गठबंधन की कैप्टन सिंह लंबे समय से वकालत करते रहे, उसके ऐलान के समय ही उनका मंच पर नहीं होना सवाल खड़े करता है।
पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के पूर्व प्रेस सचिव विमल सुंबली ने भी उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे अजीब बताते हुए कहा कि कैप्टन गठबंधन के प्रबल समर्थक रहे हैं, लेकिन घोषणा के समय मौजूद नहीं थे।
पिछले दिनों पार्टी ने आगामी चुनाव को लेकर इलेक्शन कमेटी का गठन किया था। इस समिति में भी कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम नहीं था। चुनाव समिति में नाम नहीं होना और गठबंधन के ऐलान के समय कैप्टन अमरिंदर सिंह की अनुपस्थिति से सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी में कैप्टन अमरिंदर सिंह का कद घट रहा है?
दरअसल, पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक Belonging: A Journey of Love विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में वे पहली पंक्ति में बैठे हुए नजर आए थे। खास बात यह रही कि वे इस समारोह में मौजूद बीजेपी के इकलौते नेता बताए गए।
इस समारोह के दौरान मंच से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह का जिक्र किया था। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर की तारीफ की हो। इससे पहले इंस्टाग्राम पर आस्क मी समथिंग के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा नेता बताया था।
इसके अलावा कांग्रेस नेताओं की ओर से भी कैप्टन की संभावित वापसी को लेकर समय-समय पर बयान दिए गए हैं। हालांकि कैप्टन की कांग्रेस में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर अगले साल चुनाव होने है। यह चुनाव बीजेपी और अकाली दल के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए ही दोनों पार्टियों ने गठबंधन कर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दरअसल, शिरोमणि अकाली दल के पास प्रदेश में पुराना संगठनात्मक आधार है, जबकि बीजेपी के पास शहरी वोटर है।
पंजाब की राजनीति से कैप्टन अमरिंदर सिंह को दूर नहीं रख सकते है। दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ही कांग्रेस को पंजाब में सत्ता दिलाई थी। पूर्व सीएम के पास पंजाब की राजनीति, ग्रामीण मतदाताओं और राज्य के राजनीतिक समीकरणों का लंबा अनुभव है। ऐसे में उनकी भूमिका गठबंधन के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकती है।