
केरल कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान तेज (Photo-IANS)
Kerala Congress Factionalism: केरल में कांग्रेस पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के भीतर बढ़ते गुटीय संघर्ष और नेताओं के बीच सार्वजनिक बयानबाजी से हाईकमान की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि हालात को देखते हुए पार्टी आलाकमान जल्द ही इस मामले में हस्तक्षेप कर सकता है। हालांकि इस पूरे मामले से सीएम वीडी सतीशन ने दूरी बनाई हुई है।
माना जा रहा है कि संगठनात्मक फेरबदल से पहले पार्टी हाईकमान गुटबाजी पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठा सकता है।
बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के अंदर अलग-अलग गुट अपनी ताकत बढ़ाने में जुटे हुए हैं। केरल कांग्रेस प्रभारी दीपा दासमुंशी ने बुधवार को कासरगोड सांसद राजमोहन उन्नीथन समेत कई नेताओं को विवाद को और हवा नहीं देने की हिदायत दी थी।
पार्टी हाईकमान ने प्रदेश के नेताओं को इस मामले में सार्वजनिक बयानबाजी से बचने के निर्देश दिए है। हालांकि केंद्रीय नेतृत्व के आदेश का नेताओं पर कोई असर नहीं हो रहा है। नेताओं और उनके समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
इस पूरे विवाद में सांसद शफी परंबिल और सांसद राजमोहन उन्नीथन है। दरअसल, दोनों नेताओं के बीच बढ़ते विवाद ने प्रदेश कांग्रेस के अंदर पुराने गुटीय समीकरणों को फिर से उजागर कर दिया है।
एक गुट का आरोप है कि शफी परंबिल कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के समर्थक गुट और पूर्व सीएम ओमन चांडी के नेतृत्व वाले ग्रुप का समर्थन जुटाकर प्रदेश अध्यक्ष पद की दावेदारी मजबूत करने में लगे हैं।
वहीं, शफी परंबिल के समर्थकों का आरोप है कि राजमोहन उन्नीथन जानबूझकर युवा नेता को निशाना बना रहे हैं, ताकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की उनकी संभावनाओं को कमजोर किया जा सके। समर्थकों का दावा है कि उन्नीथन की नाराजगी के पीछे खुद प्रदेश अध्यक्ष बनने की उनकी अधूरी राजनीतिक महत्वाकांक्षा है।
दूसरी ओर, उन्नीथन के समर्थक वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं बेनी बेहानन और केसी जोसेफ को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त दावेदार बता रहे हैं।
बता दें कि केरल कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की लड़ाई अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। दोनों नेताओं के समर्थक एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और अपने-अपने नेताओं के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पार्टी की अंदरूनी कलह सार्वजनिक बहस का विषय बन गई है।
दरअसल, प्रदेश संगठन में संभावित फेरबदल से पहले सभी गुट अपना प्रभाव बढ़ाने में जुटे हैं। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्टी में अनुशासन बनाए रखने और नेताओं के बीच बढ़ती दूरी को कम करने की है।
इस पूरे घटनाक्रम पर केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि वह इस गुटीय राजनीति से दूर रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं एक अलग पड़ोस से आता हूं। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि KPCC अध्यक्ष ही इस विवाद पर जवाब देंगे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




